चंडीगढ़: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने मंगलवार को नई दिल्ली स्थित हरियाणा भवन में मुख्यमंत्री सुशासन सहयोगी (सीएमजीजीए) की समीक्षा बैठक ली। इस दौरान उन्होंने सीएमजीजीए द्वारा किए गए कार्यों का रिव्यू किया और आवश्यक दिशा निर्देश दिए। बैठक में मुख्यमंत्री के उपप्रधान सचिव डॉ. यशपाल मौजूद रहे।
नायब सिंह सैनी ने कहा कि सीएमजीजीए का मुख्य कार्य जमीनी स्तर पर शासन व्यवस्था को मजबूत करना, प्रशासनिक पारदर्शिता बढ़ाना और सरकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। अतः सभी सीएमजीजीए अपने-अपने जिलों में क्रियान्वित सरकारी योजनाओं पर बारीकि से नजर बनाकर रखें और समय-समय पर उनकी मूल्यांकन रिपोर्ट सीएम कार्यालय में प्रस्तुत करें।
जिला की मासिक बैठकों में हिस्सा लें सीएमजीजीए
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि जिला के विकास कार्यों को लेकर आयोजित होने वाली मासिक बैठक में सभी सीएमजीजीए हिस्सा लें और सीएम अनाउंसमेंट की वास्तविक स्थिति से अवगत करवाएं। उन्होंने ई-रजिस्ट्री पोर्टल को लेकर भी रिव्यू किया। इसमें सीएमजीजीए द्वारा बताई गई खामियों पर जल्द से जल्द विभाग की बैठक बुलाने के निर्देश दिए।
स्वास्थ्य सेवाओं में लापरवाही बर्दाश्त नहीं
नायब सिंह सैनी ने स्वास्थ्य विभाग से जुड़ी सेवाओं का रिव्यू किया। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य से जुड़ी सेवाओं में लापरवाही कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने प्रदेश के सभी जिलों के सरकारी अस्पताओं को लेकर जल्द से जल्द सभी सीएमओ की बैठक बुलाने के निर्देश भी दिए। उन्होंने प्रदेश में जलभराव जैसी स्थिति से निपटने के लिए मानसून और नॉन मानसून सीजन के लिए एक एसओपी बनाने के भी निर्देश दिए।