चंडीगढ़: हरियाणा के कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा ने कहा कि गौमाता की सेवा हमारी संस्कृति, संस्कार और सनातन परंपरा का अभिन्न अंग है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में हरियाणा सरकार गौवंश संरक्षण और संवर्धन की दिशा में निरंतर ठोस कदम उठा रही है। कैबिनेट मंत्री आज हिसार के गांव नियाणा स्थित श्री शिव गौशाला सेवा समिति के 25वें स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित भव्य समारोह को बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे।
इस पुनीत अवसर पर कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा ने गौशाला के विकास एवं व्यवस्थाओं को सुदृढ़ करने के लिए अपने ऐच्छिक कोष से गौशाला समिति को 11 लाख रुपये की अनुदान राशि देने की घोषणा की। इसके अतिरिक्त, हरियाणा सरकार की ओर से भी श्री शिव गौशाला सेवा समिति को 16 लाख 78 हजार रुपये की चारा अनुदान राशि प्रदान की गई।
समारोह के दौरान कैबिनेट मंत्री ने गौ माता का पूजन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। उन्होंने गौ सेवा, गौ संरक्षण एवं समाज सेवा के प्रति समर्पित सभी गौ भक्तों और समिति के सदस्यों के सेवाभाव व समर्पण को नमन करते हुए उनके कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि गौशालाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए सरकार हर संभव सहयोग कर रही है।

