जालंधरः कमिश्नरेट पुलिस ने सोमवार को दो शातिर अपराधियों अमन और फतेह को गिरफ्तार किया। दोनों आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए कोर्ट परिसर की बिल्डिंग से छलांग लगाकर भागने की कोशिश कर रहे थे। इस दौरान दोनों की टांगों में गंभीर चोटें आईं। पुलिस ने दोनों को इलाज करवाने के बाद अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें तीन दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।
पुराने केस की सुनवाई के लिए कोर्ट पहुंचे थे
मामला जालंधर कैंट थाना क्षेत्र से जुड़ा है। पुलिस को एफआईआर नंबर 84/2 में दोनों आरोपियों की काफी समय से तलाश थी। यह मामला आर्म्स एक्ट यानी अवैध हथियार रखने से जुड़ा बताया जा रहा है। अमन और फतेह एक पुराने मामले की सुनवाई के लिए जालंधर के कचहरी कॉम्प्लेक्स पहुंचे थे। पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि दोनों वांछित आरोपी कोर्ट परिसर में मौजूद हैं।
पुलिस ने कोर्ट परिसर में बिछाया जाल
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तुरंत कार्रवाई की और कोर्ट परिसर में दोनों आरोपियों को पकड़ने के लिए घेराबंदी कर दी। जैसे ही अमन और फतेह को पुलिस की मौजूदगी का पता चला, उन्होंने वहां से भागने की कोशिश शुरू कर दी। पुलिस से बचने के लिए दोनों ने बिल्डिंग से छलांग लगा दी।
छलांग लगाते ही घायल हुए दोनों आरोपी
बिल्डिंग से नीचे कूदने के कारण दोनों आरोपियों को गंभीर चोटें आईं और उनकी टांगें टूट गईं। चोट लगने के कारण दोनों आगे भाग नहीं सके। पुलिस ने मौके पर ही दोनों को पकड़ लिया। इसके बाद पुलिस ने दोनों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया। उपचार के बाद उन्हें औपचारिक रूप से गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया गया।
अमन पर 11, फतेह पर 16 मामले दर्ज
पुलिस जांच में सामने आया है कि दोनों आरोपी पहले से ही कई आपराधिक मामलों में नामजद हैं। अमन के खिलाफ 11 आपराधिक मामले, जबकि फतेह के खिलाफ 16 मामले दर्ज हैं। ये मामले शहर के अलग-अलग थानों में दर्ज बताए जा रहे हैं।
रिमांड के दौरान होगी पूछताछ
अदालत ने दोनों आरोपियों को तीन दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस रिमांड के दौरान उनसे उनके खिलाफ दर्ज पुराने मामलों और अन्य आपराधिक गतिविधियों को लेकर पूछताछ करेगी। पुलिस का कहना है कि पूछताछ के आधार पर आगे की जांच की जाएगी और मामले में कानून के अनुसार अगली कार्रवाई की जाएगी।