मोगाः जिले में एक युवक का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में युवक नशे की हालत में दिखाई दे रहा है। सोशल मीडिया पर वीडियो शेयर करने वाले व्यक्ति ने दावा किया है कि यह वीडियो मोगा जिले की सब-डिवीजन धर्मकोट के गांव नूरपुर हकीमा का है।
वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया है। इस संबंध में एसपीडी अजय राज सिंह ने मीडिया को जानकारी दी। उन्होंने कहा कि वायरल वीडियो में दिखाई दे रहे युवक की पहचान करने की कोशिश की जा रही है।
पुलिस से वीडियो साझा करने की अपील
एसपीडी अजय राज सिंह ने समाजसेवी लोगों और वीडियो सामने लाने वालों से अपील की कि अगर इस तरह की कोई वीडियो सामने आती है तो उसे सबसे पहले पुलिस के साथ साझा किया जाए। इससे पुलिस मामले की सही तरीके से जांच कर सकेगी और जरूरत पड़ने पर संबंधित व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई की जा सकेगी।
पुलिस अधिकारी ने यह भी कहा कि ऐसी वीडियो को सोशल मीडिया पर वायरल करने से पहले सावधानी बरतनी चाहिए। उन्होंने अपील की कि नशे की हालत में दिखाई देने वाले युवकों को समाज में घृणा या नफरत की नजर से नहीं देखा जाना चाहिए। इसके बजाय पुलिस और प्रशासन को जानकारी देकर उनकी पहचान और स्थिति का पता लगाने में मदद करनी चाहिए।
पहचान के बाद होगी आगे की कार्रवाई
फिलहाल पुलिस वायरल वीडियो में दिखाई दे रहे युवक की पहचान करने में जुटी हुई है। युवक की पहचान होने के बाद मामले की जांच की जाएगी और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।