मोहालीः डेरा बस्सी इलाके में बारिश ने एक बार फिर जल निकासी व्यवस्था की कमियों को उजागर कर दिया है। दरअसल, बारिश के बाद जनेतपुर अंडरपास में कई फीट पानी भर जाने से यातायात प्रभावित हो गया। अंडरपास से गुजरने की कोशिश कर रहे कई वाहन पानी में फंस गए। मौके पर पहुंचे जनेतपुर के पूर्व सरपंच बलवीर सिंह बल्ला और स्थानीय ग्रामीणों ने ट्रैक्टरों की मदद से वाहनों को बाहर निकाला तथा उनमें सवार लोगों को सुरक्षित बचाया।
ग्रामीणों ने बताया कि हर बारिश के दौरान अंडरपास में भारी मात्रा में पानी जमा हो जाता है, लेकिन प्रशासन की ओर से अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं किया गया है। न तो अंडरपास के दोनों ओर चेतावनी बोर्ड लगाए गए हैं और न ही पानी भरने की स्थिति में रास्ता बंद किया जाता है। इसके कारण वाहन चालक पानी की गहराई का अंदाजा लगाए बिना अंडरपास में प्रवेश कर जाते हैं और बीच रास्ते में फंस जाते हैं।
पूर्व सरपंच बलवीर सिंह बल्ला ने आरोप लगाया कि इस स्थान पर पहले भी कई हादसे हो चुके हैं और प्रशासनिक लापरवाही के कारण एक किसान की जान तक जा चुकी है। उन्होंने कहा कि इसके बावजूद संबंधित विभागों ने समस्या के समाधान के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया। ग्रामीणों ने मांग की कि बारिश के दौरान अंडरपास में पानी भरते ही बैरिकेड लगाकर रास्ता बंद किया जाए, चेतावनी बोर्ड लगाए जाएं और पानी निकासी की स्थायी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि भविष्य में किसी बड़े हादसे से बचा जा सके।