नई दिल्ली: घरेलू शेयर बाजार में आज शानदार तेजी दिखी है। यह तेजी इसलिए भी खास है क्यों बीते दो कारोबारी सत्र में मार्केट (सेंसेक्स) 700 अंकों से अधिक गिरा दिखा। आज शुक्रवार को सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में 500 अंकों की तेजी के साथ ट्रेड करते हुए दिखा। 9 बजकर 16 मिनट पर यह 0.68 फीसदी के उछाल के साथ 76,669.48 पर कारोबार कर रहा था। वहीं, निफ्टी की बात करें तो इसमें 0.21 फीसदी की तेजी दिखी। यह हरे निशान में 23,923.45 पर दिखा। सेंसेक्स के 30 शेयरों में से केवल एक यानी कि भारती एयरटेल में गिरावट दिखी।
वहीं, 29 शेयर हरे निशान में कारोबार कर रहे थे। सबसे अधिक टीसीएस में 1.85 फीसदी का उछाल आया और यह 2354.80 पर कारोबार कर रहा था। सेंसेक्स और निफ्टी के ताजा हाल की बात करें तो दोनों में उछाल दिखा है। 9 बजकर 45 मिनट पर 30 शेयरों वाले इंडेक्स सेंसेक्स में 0.62 फीसदी की तेजी दिखी। यह 473.29 अंक मजबूत होकर 76,626.15 पर ट्रेड कर रहा था। वहीं, निफ्टी में 0.23 फीसदी की तेजी दिखी। यह 54.05 अंक चढ़कर 23,927.50 पर ट्रेड कर रहा था। सेंसेक्स के 30 शेयरों में से एक में गिरावट और बाकी में उछाल दिखा है।
9 बजकर 15 मिनट पर सबसे अधिक तेजी टीसीएस में दिखी। यह 1.85 फीसदी उछलकर हरे निशान में 2354.80 पर ट्रेड कर रहा था। वहीं, इन्फोसिस में 1.44 फीसदी की तेजी दिखी और यह 1144.20 के लेवल पर कारोबार कर रहा था। इनके अलावा बजाज फिनसर्व में 1.26 फीसदी, ट्रेंट में 1.24 फीसदी, रिलायंस इंडस्ट्रीज में 1.07 फीसदी, इंडिगो में 0.95 फीसदी, कोटक महिंद्रा में 0.85 फीसदी, टाइटन में 0.83 फीसदी, मारुति में 0.76 फीसदी, एसबीआई में 0.64 फीसदी, आईटीसी में 0.55 फीसदी, अडानी पोट्स में 0.50 फीसदी, महिंद्रा एंड महिंद्रा में 0.43 फीसदी, इटरनल (जोमैटो) में 0.06 फीसदी और एक्सिस बैंक में 0.06 फीसदी की तेजी दिखी। वहीं, भारती एयरटेल 0.07 गिरकर 1863.90 पर ट्रेड कर रहा था।
बीते कारोबारी सत्र यानी कि वीरवार को घरेलू निवेशकों ने 4977 करोड़ रुपये का निवेश किया। इन्होंने बुधवार को भी कुल 2813 करोड़ रुपये की खरीदारी की थी। वहीं, विदेशी निवेशकों ने भारतीय शेयर बाजार में गुरुवार को बिकवाली की है। इन्होंने कुल 2346 करोड़ रुपये के शेयरों को बेचा है। हालांकि, बुधवार इन्होंने कुल 6688 करोड़ रुपये की खरीदारी की थी। इस खरीदारी और बिक्री का बाजार पर आज प्रभाव भी पड़ा है।