जालंधर, ENS: जालंधर कमिश्नरेट पुलिस ने दो अवैध पिस्तौल और 60 ग्राम हेरोइन के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान राजा निवासी वेहरा सोहल खान सुदामा विहार जालंधर के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर उसे रिमांड पर लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। थाना 7 के प्रभारी इंस्पेक्टर रविंदर कुमार की टीम के एएसआई सतिंदर कुमार पुलिस पार्टी के साथ जमशेर रोड इलाके में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की जांच तथा गश्त कर रहे थे। इसी दौरान जमशेर रोड की तरफ से पैदल आ रहा एक युवक पुलिस टीम को देखकर घबरा गया और भागने लगा।
View this post on Instagram
पुलिस ने पीछा कर उसे घेराबंदी कर काबू कर उसकी तलाशी ली तो तलाशी के दौरान उसके पास से 60 ग्राम हेरोइन, 2,500 रुपये की ड्रग मनी और .315 बोर का देसी पिस्तौल बरामद किया गया। पुलिस जांच में बाद में एक अन्य .32 बोर का देसी पिस्तौल और तीन जिंदा कारतूस बरामद होने की जानकारी सामने आई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना डिवीजन नंबर-7 में FIR नंबर 198 दर्ज कर एनडीपीएस एक्ट और आर्म्स एक्ट की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर नशा और हथियारों की सप्लाई से जुड़े नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है।

