स्वच्छता और शिक्षा की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के दिए निर्देश
चंडीगढ़: हरियाणा के शिक्षा मंत्री महीपाल ढांडा ने मंगलवार को पानीपत के निजामपुर गांव स्थित राजकीय सीनियर सेकेंडरी स्कूल का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान शिक्षा मंत्री ने पूरे स्कूल परिसर का भ्रमण कर सफाई व्यवस्था का जायजा लिया और अधिकारियों एवं शिक्षकों को विद्यालय परिसर में स्वच्छता के उच्च मानक बनाए रखने के निर्देश दिए।
विद्यालय के निरीक्षण के उपरांत शिक्षा मंत्री ने शिक्षकों के साथ बैठक की और कक्षा में दी जा रही शिक्षा के स्तर पर विस्तृत संवाद किया। प्रदेश सरकार सरकारी स्कूलों में बुनियादी ढांचा सुधारने और शिक्षा की गुणवत्ता को बेहतर बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने सभी शिक्षकों को निर्देश दिए कि वे विद्यार्थियों की पढ़ाई पर विशेष ध्यान दें और यह सुनिश्चित करें कि हर बच्चा अपनी योग्यता के अनुसार बेहतर प्रदर्शन कर सके।
निरीक्षण के दौरान मंत्री महीपाल ढांडा ने विभिन्न कक्षाओं में जाकर विद्यार्थियों से सीधा संवाद भी किया। उन्होंने बच्चों से उनकी पढ़ाई, उपलब्ध सुविधाओं और दैनिक गतिविधियों के बारे में सवाल पूछे। शिक्षा मंत्री ने विद्यार्थियों का मनोबल बढ़ाते हुए उन्हें मन लगाकर पढ़ने और जीवन में ऊंचे लक्ष्य तय करने के लिए प्रेरित किया।
शिक्षा मंत्री ने स्कूल प्रशासन को हिदायत दी कि विद्यार्थियों को शिक्षा ग्रहण करने में किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। पेयजल, बैठने की व्यवस्था, शौचालय की सफाई और पठन-पाठन से जुड़ी सभी आवश्यक सुविधाएं दुरुस्त रखी जाएं। यदि विद्यार्थियों की सुविधाओं या शिक्षा में किसी भी तरह की लापरवाही पाई गई तो संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। शिक्षा मंत्री ने कहा कि सरकार का मुख्य ध्येय राज्य के हर बच्चे को सुलभ और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करना है, ताकि वे देश के जिम्मेदार नागरिक बन सकें।

