लुधियानाः थाना मोती नगर के अधीन आते इलाके में आप पार्षद के बेटे को दोस्त का एक्सीडेंट मामले में समझौता करवाना महंगा पड़ गया। दरअसल, दोस्त का समझौता करवाने गए पार्षद के बेटे की दूसरे पक्ष द्वारा जमकर पिटाई की गई। इस घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है, जिसमें दोनों पक्षों के बीच पहले तीखी बहस और फिर जमकर मारपीट होती दिख रही है। यह विवाद एक सड़क दुर्घटना (कार-बाइक की टक्कर) के बाद हुए झगड़े को सुलझाने के दौरान हुआ। पार्षद पुत्र की पहचान करन ननचाहल के रूप में हुई है। करन की मां अनीता ननचाहल वार्ड नंबर 21 से पार्षद हैं।
View this post on Instagram
बता दें कि अनीता ननचाहल ने भारतीय जनता पार्टी की टिकट पर चुनाव जीता था, लेकिन बाद में पाला बदलते हुए वह आम आदमी पार्टी में शामिल हो गई थीं। सामने आए सीसीटीवी फुटेज में साफ नजर आ रहा है कि पार्षद का बेटा करन मौके पर दोनों पक्षों की बात सुनने के लिए पहुंचता है। इसी दौरान दूसरे पक्ष के आरोपी उसे गालियां देना शुरू कर देते हैं और तीखी बहसबाजी होने लगती है। मौके पर मौजूद कुछ लोग बीच-बचाव कर दोनों को शांत करवाने की कोशिश करते हैं। तभी अचानक दूसरी तरफ से पार्षद के बेटे पर हाथ उठा दिया जाता है और देखते ही देखते दोनों में मारपीट शुरू हो जाती है। हाथापाई करते हुए लोग एक गाड़ी के पीछे चले जाते हैं। वहां से किसी तरह अपना बचाव कर बाहर निकलने के बाद करन किसी से फोन पर बात करता हुआ नजर आ रहा है।
पार्षद पुत्र करन ननचाहल ने बताया कि मंगलवार दोपहर उसके दोस्त पंकज का फोन आया था। पंकज ने उसे बताया कि उसकी बाइक की किसी कार के साथ टक्कर हो गई है और मौके पर जमकर विवाद चल रहा है। दोस्त की कॉल के बाद करन अपने एक अन्य साथी के साथ मामले को सुलझाने के लिए मौके पर पहुंचा था। करन का आरोप है कि वहां बातचीत के दौरान दूसरे पक्ष के लोगों ने विवाद बढ़ा दिया। उन्होंने गालियां दीं और उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। करन ननचाहल ने घटना के संबंध में थाना मोती नगर में शिकायत दर्ज करवा दी है। शिकायत के आधार पर पुलिस मामले की जांच कर रही है और सीसीटीवी फुटेज सहित अन्य तथ्यों को खंगाला जा रहा है। फिलहाल पुलिस का कहना है कि पूरी जांच के बाद ही स्पष्ट होगा कि विवाद की असली जड़ क्या थी और मारपीट में शामिल दोनों पक्षों की क्या भूमिका रही।