नूंहः नूंह में एक बार फिर पुलिस और गो तस्करों के बीच घटनाक्रम सामने आया है, जिसमें गो तस्करों के वाहन का कुंडली-मानेसर-पलवल एक्सप्रेसवे पर रॉंग साइड में भिड़ंत हो गई। इस हादसे में एक गो तस्कर की मौत हो गई, जबकि तीन घायल हो गए, जिन्हें अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। पुलिस मामले में जांच कर रही है। वहीं एक घायल ने पुलिस की स्टोरी को पूरी तरह से गलत बताया है और कहा है कि गौ रक्षा दल की टीम ने उनके वाहन में सीधी टक्कर मारी है।
पुलिस के अनुसार थाना मोहम्मदपुर अहीर इलाके में सुबह करीब 5:30 बजे केएमपी एक्सप्रेस-वे पर अर्टिगा गाड़ी में चार गो तस्कर गाड़ी से धुलावट में गाय उतार रहे थे, जिसकी सूचना सीआईए नूंह को मिलने पर सीआईए नूंह केएमपी पर इनका पीछा कर रही थी। पुलिस को देखकर ये गाड़ी को रोंग साइड मानेसर की तरफ लेकर भागने लगे, इसी दौरान गौयला गांव के पास अर्टिगा गाड़ी की टक्कर बोलेरो कैंपर से हो गई, जिससे अर्टिगा में सवार चारों गो तस्करों को चोट लगी। जिसमें मुस्तफा पुत्र मोरमल निवासी पल्ला की मौत हो चुकी है, जिसका शव सीएचसी नूंह में है।
अखलाक पुत्र असगर निवासी पल्ला का इलाज न्यू एरा अस्पताल पढ़ेनी में चल रहा है, जबकि आसिफ पुत्र जुम्मा निवासी पल्ला और इकबाल निवासी मनाकी का इलाज ग्लोबल हॉस्पिटल तावडू में चल रहा है।
पुलिस के अनुसार एक गाय जीवित मिली है और एक गाय मर चुकी है। पुलिस कार्रवाई कर रही है। वहीं घायल गो तस्कर आसिफ का दावा है कि पुलिस की थ्योरी पूरी तरह गलत है। उनके वाहन को गौ रक्षा दल की टीम से जुड़े लोगों ने घेरकर टक्कर मारी है, जिससे सीधी टक्कर हुई और जिसमें उनके साथी की मौत हुई है। उनका कहना है कि उनसे कोई गोवंश बरामद नहीं हुआ है और वह निष्पक्ष जांच चाहते हैं।
पुलिस दोनों पक्षों के दावों को लेकर जांच में जुटी हुई है। इस मामले में तावडू डीएसपी अभिमन्यु लोहान का कहना है कि हादसे में एक गो तस्कर की मौत हुई है दो घायल है जो भी आरोप घायलों की ओर से लगाए जा रहे हैं उसकी भी जांच की जाएगी।

