होशियारपुरः मोहल्ला न्यू दीप नगर में पत्नी को मनाने पहुंचे पति ने कहासुनी के बाद सास को टेंपों ट्रैवलर से कुचलकर हत्या कर दी। इस दौरान बचाव में आए पड़ोसी की टांग पर भी गाड़ी चढ़ा दी, जिससे उसकी टांग कट गई। घायल को सरकारी अस्पताल होशियारपुर से डीएमसी लुधियाना रेफर किया गया है। वारदात के बाद से आरोपित फरार है। थाना पुरहीरां पुलिस ने केस दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, बलजीत सिंह निवासी निवासी भागोवाल टेंपो ट्रैवलर चलाता है। उसकी शादी न्यू दीप नगर निवासी रछपाल कौर से हुई थी। पति-पत्नी के बीच विवाद के बाद रछपाल कुछ दिन पहले मायके आ गई थी। देर रात बलजीत उसे मनाने ससुराल पहुंचा। वहां बातचीत के दौरान उसकी सास हरभजन कौर और साले के साथ किसी बात पर कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर घर में ऊंची आवाज में बहस होने लगी। शोर सुनकर पड़ोसी जसबीर सिंह उर्फ काका गुज्जर मौके पर पहुंचा।
उसने दोनों पक्षों से शांत होकर बात करने की अपील की। आरोप है कि इसी दौरान बलजीत ने टेंपो ट्रैवलर चालू कर हरभजन कौर को कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। बलजीत के भागने पर जसबीर ने उसे रोकने की कोशिश की, तो उसने जसबीर को भी टेंपो से कुचल दिया। जसबीर की टांग कट गई। उसे सरकारी अस्पताल होशियारपुर ले जाया गया, जहां से हालत नाजुक होने पर चिकित्सकों ने डीएमसी लुधियाना रेफर कर दिया। पुलिस ने बलजीत के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, रछपाल और बलजीत के बीच विवाद की वजह अभी स्पष्ट नहीं है।

