वाशिंगटनः अमेरिका के मिसिसिपी तट के पास हॉर्न आइलैंड के पास एक सेसना विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस विमान में दो बच्चों सहित कुल छह लोग सवार थे। हादसे के बाद अमेरिकी कोस्ट गार्ड ने लापता लोगों की तलाश के लिए बचाव दल तैनात किए हैं, लेकिन अब तक किसी यात्री का सुराग नहीं मिला है। कोस्ट गार्ड ने बताया कि उन्हें इस दुर्घटना की सूचना फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (FAA) से मिली, जिसके बाद बचाव दलों ने हॉर्न आइलैंड के उत्तर-पूर्व में पानी में तलाश शुरू कर दी।
अमेरिकी कोस्ट गार्ड हार्टलैंड ने X पर एक पोस्ट में कहा कि मंगलवार को तैनात कोस्ट गार्ड को मोबाइल पर FAA की एक रिपोर्ट मिली, जिसके बाद बचाव दल हॉर्न आइलैंड, मिसिसिपी से 2 मील उत्तर-पूर्व में दुर्घटनाग्रस्त हुए सेसना सेंचुरियन 210 विमान की तलाश कर रहे हैं। इस विमान में 6 लोग सवार थे।
FAA के एक प्रवक्ता ने एक मीडिया चैनल को बताया कि यह विमान स्थानीय समयानुसार दोपहर करीब 3:30 बजे पास्कागौला के दक्षिण-पश्चिम में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हालांकि, प्रवक्ता ने यह स्पष्ट नहीं किया कि विमान में वास्तव में कितने लोग सवार थे।
प्रवक्ता ने कहा कि अभी यह पता नहीं चल पाया है कि विमान में कितने लोग सवार थे। उन्होंने बताया कि FAA और नेशनल ट्रांसपोर्टेशन सेफ्टी बोर्ड (NTSB) इस दुर्घटना की जांच करेंगे। एक स्थानीय मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक विमान में चार वयस्क और आठ से 12 साल की उम्र के दो बच्चे सवार थे।
जानकारी के मुताबिक दुर्घटनाग्रस्त होने से पहले विमान लगभग 10000 फीट प्रति मिनट की दर से नीचे आ रहा था। ये सेसना सेंचुरियन 210 विमान न्यू ऑरलियन्स लेकफ्रंट एयरपोर्ट से फ्लोरिडा के फोर्ट मायर्स स्थित पेज फील्ड जा रहा था। स्थानीय समयानुसार दोपहर करीब 3:45 बजे यह विमान FAA के रडार से गायब हो गया।
समुद्र में चलाए जा रहे सर्च ऑपरेशन के दौरान कोस्ट गार्ड के कर्मियों को विमान के कुछ हिस्से, एक लाइफ राफ्ट और तीन लाइफ जैकेट मिले हैं। एक मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक शाम 5:40 बजे तक विमान में सवार किसी भी व्यक्ति का पता नहीं चल सका था।
बचाव दल हॉर्न आइलैंड के उत्तर-पूर्व में लगभग दो नॉटिकल मील दूर समुद्री इलाके में खोजबीन कर रहे हैं। गौरतलब है कि गल्फ कोस्ट क्षेत्र में स्थित हॉर्न आइलैंड एक संरक्षित प्राकृतिक क्षेत्र (Wilderness Area) है, जहां केवल निजी नावों के जरिए ही पहुंचा जा सकता है। इस वजह से बचाव अभियान में खासी सावधानी बरती जा रही है।
नेशनल ट्रांसपोर्टेशन सेफ्टी बोर्ड ने पुष्टि की है कि उन्हें इस दुर्घटना की जानकारी मिल गई है और वे मामले से जुड़े तथ्य जुटा रहे हैं। विमान किन परिस्थितियों में क्रैश हुआ, इसका पता लगाने के लिए NTSB और FAA संयुक्त रूप से इस पूरे मामले की जांच करेंगे।

