अमृतसरः परमिंदर सिंह झोता की हत्या के विरोध में दिए गए पंजाब बंद के आह्वान के दौरान शांति-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पंजाब पुलिस ने सीमा क्षेत्र में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की है। अमृतसर सीमा क्षेत्र के आईजी गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने बताया कि क्षेत्र के विभिन्न जिलों में लगभग 1300 से 1400 पुलिस कर्मी तैनात किए गए हैं। सभी एसएसपी स्वयं मौके पर मौजूद रहकर सुरक्षा प्रबंधों का नेतृत्व कर रहे हैं।
आईजी भुल्लर ने कहा कि सीमा क्षेत्र में स्थिति पूरी तरह शांतिपूर्ण रही और किसी को भी कानून अपने हाथ में लेने की अनुमति नहीं दी गई। टोल प्लाज़ा पर पूरी तरह बंद की अनुमति नहीं दी गई और इस दौरान लोगों ने भी पुलिस का सहयोग दिया। उन्होंने बताया कि पठानकोट, गुरदासपुर, बटाला, अमृतसर रूरल और अजनाला, राजासांसी, लोपोके और मजीठा जैसे इलाकों में स्थिति शांतिपूर्ण रही और कहीं भी हाइवे बंद होने संबंधी कोई समस्या सामने नहीं आई।
उन्होंने कहा कि कुछ लोगों को सावधानी के तौर पर रोका गया था, लेकिन किसी बड़ी दिक्कत की रिपोर्ट नहीं मिली। आईजी ने बताया कि पुलिस ने मोबाइल पेट्रोलिंग को प्राथमिकता दी है। रिजर्व फोर्स और मजिस्ट्रेट भी तैनात रहे, ताकि किसी भी अनहोनी घटना को रोका जा सके। तरन तारण में पुलिस कर्मी से संबंधित घटना के बारे में पूछे गए सवाल पर उन्होंने टिप्पणी करने से इनकार कर दिया और कहा कि कानून सभी के लिए समान है और किसी के साथ कोई भेदभाव नहीं किया जाता। त्योहारों के सीजन को देखते हुए उन्होंने कहा कि आगे भी पुलिस की मौजूदगी बढ़ाई जाएगी। वाहनों की जांच और शरारती तत्वों पर निगरानी लगातार जारी रहेगी।
