अमृतसरः पुलिस ने कपड़ा व्यापारी विशाल भाटिया पर गोली चलाने और उनसे रुपयों से भरा बैग छीनने की कोशिश करने वाले चार आरोपियों को घटना के करीब 5 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से .32 बोर की पिस्तौल और वारदात में इस्तेमाल की मोटरसाइकिल बरामद की है। इसके अलावा 50 लाख रुपए की रंगदारी मांगने के मामले में भी एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है।
पुलिस कमिश्नर हरमनबीर सिंह गिल ने एक प्रेस कांफ्रेंस में जानकारी दी। पुलिस कमिश्नर ने बताया कि शिवाला इलाके में कपड़ा व्यापारी विशाल भाटिया से रुपयों से भरा बैग छीनने की कोशिश की गई थी। इस दौरान आरोपियों द्वारा चलाई एक गोली उनके पैर में लग गई। मामले में कार्रवाई करते ए-डिवीजन की SHO गुरविंदर कौर के नेतृत्व वाली टीम ने प्रिंस कुमार (उर्फ मॉडल), गुरप्रिंसदीप, राहुल सिंह और दमनप्रीत सिंह को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के अनुसार ये लोग बी-डिवीजन इलाके में झपटमारी की दो घटनाओं और छटीविंड स्थित न्यारा पेट्रोल पंप पर हुई लूटपाट में शामिल रहे हैं। पुलिस ने बताया कि साहिल मेडिकल स्टोर पर हुई झपटमारी और 12 व 13 अक्टूबर को हुए अन्य अपराधों में भी इसी गिरोह का हाथ सामने आया है।
इसके अलावा पुनीत अग्रवाल से 50 लाख की रंगदारी मांगने के मामले में यादविंदर को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के मुताबिक यादविंदर UK में बैठे युवराज नाम के एक व्यक्ति को फोन नंबर उपलब्ध कराता था। युवराज कथित तौर पर ‘डॉनी बॉल’ का नाम लेकर धमकियां देता था। फिलहाल विदेश में मौजूद इस आरोपी का पासपोर्ट जब्त करने और उसे भारत लाने (प्रत्यर्पण) की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
