नवांशहरः पंजाबी म्यूज़िक इंडस्ट्री से जुड़े प्रसिद्ध गायक राणा सहोता की गाड़ी पर हमला करने की घटना सामने आई है। मिली जानकारी के अनुसार नवांशहर के पास अज्ञात बदमाशों ने राणा सहोता पर हमला करने की कोशिश की। बताया जा रहा हैकि इस दौरान हमालावारों ने आतंक फैलाने के लिए हवाई फायर भी किए।

राणा सहोता ने घटना को लेकर बताया कि वह खुद गाड़ी चला रहे थे। ऐसे में जब नवांशहर के पास एक काली संदिग्ध कार उनका पीछा करने लगी। कुछ दूरी तक पीछा करने के बाद हमलावरों ने अपनी कार राणा सहोता की गाड़ी के बराबर लगा दी और अंदर बैठे युवकों ने इशारों से गाड़ी रोकने को कहा। जब गायक ने ख़तरा महसूस कर गाड़ी नहीं रोकी, तो बदमाशों ने हवा में फायर किए और मौके से फरार हो गए।

राणा सहोता ने बताया कि इस घटना के बाद वे काफी सहमे हुए हैं। उन्होंने पुलिस प्रशासन से इस मामले की गहराई से जांच कर दोषियों को जल्दी गिरफ्तार करने की अपील की है। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है ताकि उस काली कार और हमलावरों की पहचान की जा सके।
सिंगर ने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा- 7 मार्च की रात लगभग साढ़े 10 बजे मैं मोहाली से अपने गांव बड़ा पिंड (गोराया) लौट रहा था। उस समय कशविंदर मेरे साथ था। बछवां में आखिरी टोल प्लाजा पार करने के बाद सड़क पर लगभग 3 किलोमीटर आगे एक कार की लाइट हमारी ओर चमकाना शुरू हुई। उसमें बैठा व्यक्ति लाइट चमकाकर हमें रुकने का इशारा कर रहा था और खुद सड़क किनारे पर आकर रुक गया।
कशविंदर को कुछ खतरा महसूस हुआ तो उसने मुझे वाहन न रोकने की सलाह दी। कुछ ही देर बाद कार में सवार लोगों ने एक हथियार दिखाया और हमें रोकने की कोशिश में हवा में कई गोलियां चलाईं। खतरे को देखते हुए मैंने अपनी गाड़ी नहीं रोकी और उनसे दूर जाने के लिए मैंने अपनी गाड़ी लगभग 135 से 140 किमी/घंटा की स्पीड से भगाना शुरू कर दी। इसके बाद हम सीधे बंगा के पुलिस स्टेशन गए और पूरे समय मेन हाईवे पर ही रहे।
