ऊना/ सुशील पंडित: राजकीय उत्कृष्ट महाविद्यालय ऊना में खेली जा रही नार्थ जोन अन्तर विश्वविद्यालयी महिला क्रिकेट प्रतियोगिता के छठवें दिन सेमीफाइनल मुकाबले के दो मैच खेले गए। आयोजन सचिव डॉ राज कुमार ने बताया कि सेमीफाइनल मुकाबले इंदिरा गांधी स्टेडियम ऊना के मैदान में खेला गया। जिसमें पहला सेमीफाइनल मुकाबला हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय शिमला और पंजाबी विश्वविद्यालय पटियाला के बीच खेला गया। जिसमें हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय शिमला ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवरों में 4 विकेट खोकर 173 रन बनाए। हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय की शुरुआत अच्छी नहीं रही। पहला विकेट जल्दी गिर गया लेकिन बाद के बल्लेबाजों ने अच्छी बल्लेबाजी करते हुए स्कोर को सम्मानजनक स्थिति में पहुंचाया। टीम की कप्तान और सलामी बल्लेबाज शालिनी कौंडल ने 43 गेंदों का सामना करते हुए 8 चौके की मदद से सर्वाधिक 58 रनों की पारी खेली। नैंसी शर्मा ने 28 गेंदों का सामना करते हुए 3 चौके जड़ते हुए 29 रन बनाए। सोनल ठाकुर ने 14 गेंदों पर 14 रन। प्रेक्षा तिवारी ने तेजी से रन बटोरते हुए 13 गेंदों पर 1 चौके की मदद से 17 रन बनाए।
पंजाबी विश्वविद्यालय पटियाला की गेंदबाजों ने 27 अतिरिक्त रन भी लूटाये। पंजाबी विश्वविद्यालय की तरफ से अनु कुमारी ने किफायती गेंदबाजी करते हुए 1 विकेट लिए। वहीं आस्था और ममता रानी ने हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय के एक-एक विकेट लेने में कामयाब रहीं। पंजाबी विश्वविद्यालय पटियाला 173 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी लेकिन उसने निर्धारित 20 ओवरों में 7 विकेट पर 83 रन ही बना सकी। पंजाबी विश्वविद्यालय पटियाला की भी शुरुआत अच्छी नहीं रही। उसके ऊपरी क्रम के तीन खिलाड़ी आपसी तालमेल की कमी के कारण रन आउट हुए। सलामी बल्लेबाज हिमांशी सैनी ने 11 रन 11 गेंदों पर और प्रियंका ने 13 गेंदों पर 1 चौके और 1 छक्के की मदद से 15 रन बनाकर रन आउट हुईं। इन दोनों बल्लेबाजों के अतिरिक्त कोई अन्य बल्लेबाज तेजी से रन नहीं बना पाए और निर्धारित 20 ओवरों में 7 विकेट पर 83 रन ही बना सकी।
हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय शिमला की तरफ से सबसे किफायती गेंदबाजी करते हुए सोनल ठाकुर, ललिता, साक्षी ठाकुर और प्रीति कोहलोन ने पंजाबी विश्वविद्यालय पटियाला के एक-एक विकेट लिए। बेहतरीन क्षेत्ररक्षण का प्रदर्शन करते हुए पंजाबी विश्वविद्यालय पटियाला के शीर्ष तीन बल्लेबाजों को रन आउट करने में कामयाब रहीं। हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय शिमला ने यह सेमीफाइनल मुकाबला 90 रनों के बड़े अंतर से जीतकर इतिहास में पहली बार फाइनल में जगह बनाने में कामयाब हुई। हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय शिमला की महिला क्रिकेट टीम इससे पूर्व कभी भी नार्थ जोन अन्तर विश्वविद्यालयी महिला क्रिकेट प्रतियोगिता के फाइनल में जगह बनाने में कामयाब नहीं हो सकी थी। यह पहला मौका है जब हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय शिमला की टीम प्रतियोगिता के फाइनल में पहुंची है।
हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय शिमला टीम की इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर विधानसभा चिंतपूर्णी के विधायक माननीय सुदर्शन सिंह बबलू और महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ सतीश कुमार बंसल ने इंदिरा स्टेडियम पहुंच कर खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनका मनोबल बढ़ाया। सेमीफाइनल मुकाबले का दूसरा मैच महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय रोहतक और गुरु नानक देव यूनिवर्सिटी अमृतसर के बीच खेला गया। जिसमें दयानंद विश्वविद्यालय रोहतक ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवरों में 5 विकेट खोकर 148 रन बनाए। महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय रोहतक टीम की कप्तान और सलामी बल्लेबाज भावना ओहलान ने 44 गेंदों पर 6 चौके की मदद से 43 रनों की पारी खेली। डोली जांगरा 16 रन 18 गेंदों पर, शालू ने 19 गेंदों पर 18 रन, तनू ने 15 रन, इशिका ने तेजी से रन बटोरते हुए 3 चौके की मदद से 13 गेंदों पर 20 रनों की पारी खेली। नेहा कौशिक ने 1 चौके और एक छक्के की मदद से 15 रन। ज्ञान भारती ने एक गेंद खेला और उस पर छक्का जड़ते हुए टीम का स्कोर 148 पहुंचा दिया।
गुरु नानक देव यूनिवर्सिटी अमृतसर की सफल गेंदबाज नीतू सिंह रहीं। उन्होंने 4 ओवरों में 31 रन देकर तीन महत्वपूर्ण विकेट लिए। पल्लवी को एक सफलता प्राप्त हुई। अंकिता साह ने किफायती गेंदबाजी करते हुए 2 ओवरों में सिर्फ 8 रन दिए लेकिन कोई सफलता उनके हाथ नहीं लगी।
148 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी गुरु नानक देव यूनिवर्सिटी अमृतसर की शुरुआत अच्छी नहीं रही। उसका पहला विकेट जल्दी गिर गया। उसके बाद दूसरे विकेट के लिए मेघना और शिवानी ने 75 रनों की साझेदारी कर टीम को लक्ष्य के करीब ले जाने का प्रयास किया।
कप्तान प्राची ने तेजी से रन बटोरते हुए 8 गेंदों पर 15 रन की पारी खेली। गुरु नानक देव यूनिवर्सिटी अमृतसर ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन करते हुए एक गेंद शेष रहते 19.5 ओवरों में 8 विकेट खोकर 149 रन बनाकर महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय रोहतक को 2 विकेट से हराकर प्रतियोगिता के फाइनल में जगह बनाने में कामयाब हो गई।
महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय रोहतक की तरफ से गेंदबाजी करते हुए तमन्ना शर्मा ने 3 ओवर में 25 रन देकर दो विकेट, भावना और ज्ञान भारती ने एक-एक विकेट लिए।
इस जीत के साथ गुरु नानक देव यूनिवर्सिटी अमृतसर का फाइनल में बुधवार को हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय शिमला से मुकाबला होगा।
