ऊना/ सुशील पंडित: जिला ऊना के उपमंडल में पुलिस और एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स की संयुक्त टीम ने औद्योगिक क्षेत्र गगरेट में एक गाड़ी से 83.28 ग्राम हेरोइन और 94.72 ग्राम स्मैक की बड़ी खेप बरामद की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार गगरेट पुलिस और एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स की संयुक्त टीम ने क्षेत्र के औद्योगिक क्षेत्र में एक गाड़ी संख्या (RJ-32CA-8826 ) से 83.28 ग्राम हेरोइन और 94.72 ग्राम स्मैक की बड़ी खेप बरामद की है। इस मामले में कार सवार राजस्थान निवासी एक आरोपी गिरफ्तार किया गया है। आरोपित की पहचान सोनू भाटिया (25) निवासी डाकघर कोटपुतली जिला जयपुर, राजस्थान के तौर पर हुई है।
सोमवार को गगरेट पुलिस के कर्मी गश्त पर थे। इसी दौरान उन्हें गुप्त सूचना मिली कि बणे दी हट्टी से गगरेट को जाते मुख्य मार्ग से अंबोटा औद्योगिक क्षेत्र को जाने वाले लिंक रोड के किनारे एक कार खड़ी है जिसमें एक युवक सवार है।सूचना मिलने पर गगरेट पुलिस की टीम तुरंत वहां पहुंची। मौके पर एक सिल्वर रंग की कार खड़ी हुई मिली। कार में एक युवक बैठा था। पुलिस की टीम को देख युवक गाड़ी में भगाने का प्रयास करने लगा, लेकिन पुलिस ने मुस्तैदी से उसे रोक लिया और पहचान पत्र मांगा। आरोपित युवक की पहचान सोनू भाटिया पुत्र हंसराज भाटिया, गाँव केशवाना राजपूत, तहसील कोटपुतली, जिला जयपुर, राजस्थान के रूप में हुई है।
पुलिस ने गाड़ी की जांच की तो चालक सीट के नीचे एक पॉलिथीन का लिफाफा मिला।जिसे खोलने पर दो अलग-अलग लिफाफों में 83.28 ग्राम हेरोइन और दूसरे में 94.72 ग्राम स्मैक पाई गई। पुलिस ने तुरंत प्रभाव से कार सवार युवक को गिरफ्तार कर लिया। इस संबंध में जानकारी देते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजीव भाटिया ने बताया कि आरोपित से पूछताछ जारी है। पता लगाया जा रहा है कि वह खेप कहां से लाया और किसे देने के लिए यहां आया। जल्द इस मामले में और गिरफ्तारियां हो सकती हैं। आरोपित युवक के विरुद्ध मादक द्रव्य अधिनियम के तहत थाना गगरेट में मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। वहीं माननीय अदालत से तीन दिन का पुलिस रिमांड प्राप्त किया गया है।
