ऊना, सुशील पंडित: जिला पुलिस ऊना द्वारा चलाए जा रहे “एंटी चिट्टा अभियान” के तहत शनिवार को राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला नंगलखुर्द में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजीव कुमार भाटिया ने विद्यार्थियों और शिक्षकों को चिट्टा (हेरोइन) सहित अन्य मादक पदार्थों के सेवन से होने वाले गंभीर दुष्परिणामों और उनसे बचाव के उपायों की जानकारी दी।
अपने संबोधन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ने विद्यार्थियों को NDPS Act के कानूनी प्रावधानों से अवगत कराते हुए बताया कि नशा न केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को प्रभावित करता है, बल्कि परिवार और समाज के भविष्य के लिए भी गंभीर खतरा है। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहकर शिक्षा, खेल और सकारात्मक गतिविधियों को अपनाने का आह्वान किया। कार्यक्रम के दौरान सड़क सुरक्षा, यातायात नियमों के पालन, साइबर अपराधों से बचाव और डिजिटल प्लेटफॉर्म के सुरक्षित उपयोग के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी गई। विद्यार्थियों को जिम्मेदार नागरिक बनने और समाज में जागरूकता फैलाने के लिए प्रेरित किया गया।
अंत में सभी विद्यार्थियों, शिक्षकों और उपस्थित लोगों को “एंटी चिट्टा शपथ” दिलाई गई तथा समाज को नशामुक्त बनाने के लिए सक्रिय भागीदारी का संकल्प कराया गया। जिला पुलिस ऊना ने कहा कि “नशा मुक्त ऊना” के लक्ष्य को साकार करने के लिए एंटी चिट्टा अभियान के तहत जागरूकता और प्रवर्तन की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। पुलिस ने आमजन से भी अपील की है कि मादक पदार्थों या प्रतिबंधित दवाओं की अवैध बिक्री एवं तस्करी की सूचना तत्काल पुलिस को देकर इस जन-अभियान में सहयोग करें।


