आज चंद्रदेव की नीच अवस्था समाप्त होने से मन में हल्कापन, आशा और स्थिरता लौटेगी। खासकर धनु राशि वालों को इससे राहत मिलेगी। शुक्रवार को शुक्रदेव का अपना दिन होने से वृषभ और तुला को प्रेम, सौंदर्य और सेहत में शुभ फल मिलेगा। हालांकि शुक्रदेव वक्री अवस्था में चल रहे हैं, इसलिए खर्च और बड़े फैसलों को बहुत सोच-विचार के बाद करें। आज मन हल्का करने और समझदारी से आगे बढ़ने का दिन है। आज कर्क राशि वालों को चुनौतियां परेशान नहीं कर पाएंगी। मकर राशि के जातकों का विदेश या दूर के क्लाइंट से काम बनेगा, लेकिन खर्च पर लगाम रखें।
मेष राशिफल: गुरु और बड़ों की सलाह से राह खुलेगी। मेष राशि वालों के लिए आज का दिन मजबूत रहेगा। इसलिए किसी गुरु, शिक्षक या पिता तुल्य व्यक्ति की सलाह लेने में संकोच न करें। पढ़ाई या किसी कोर्स की शुरुआत के लिए दिन शुभ है। विनम्रता का मतलब यह भी है कि अपनी बात मनवाने के लिए जिद न करें, खासकर घर में माता जी और परिवार के साथ। आज अपने पाचन का ध्यान रखें, नशे की आदत भारी पड़ेगी। साझेदारी में किसी का दबाव आए तो उसी विनम्रता से मना करें। नवरात्रि के छठे दिन मां कात्यायनी का स्मरण करें।
वृषभ राशिफल: सेहत का ध्यान रखें, काम में सुधार होगा। वृषभ राशि वालों के लिए आज का दिन सेहत के मामले में सुधार करने का है। आपके काम धीरे-धीरे आगे बढ़ेंगे। धैर्य, मीठी वाणी और सावधानी के साथ आप कई काम अपने पक्ष में कर सकते हैं। ऐसा नहीं करने पर मानसिक रूप से उलझन और परेशानी हो सकती है। थोड़ा सा समय अपने लिए निकालना न भूलें। सुबह हल्का नाश्ता लें और टहलने जाएं, दफ्तर में काम को छोटे हिस्सों में बांटकर निपटाएं, सहकर्मियों से तालमेल बनाए रखें और बिना वजह की राजनीति से दूर रहें। दोपहर में कोई गुप्त या संवेदनशील बात उठे, तो धैर्य से काम लें और तुरंत फैसला न लें। शाम को बच्चों और प्रेम संबंध में समय बिताएं, उपहार या सजावट पर खर्च करें। उधार लेकर खर्च करना या क्रेडिट कार्ड के इस्तेमाल में सावधानी रखें। तला हुआ खाना और किसी तरह के व्यसन से बचें। मां कात्यायनी के सामने दीपक जलाएं।
मिथुन राशिफल: जीवनसाथी और साझेदार से बातचीत में बनेंगे काम। मिथुन राशि वाले आज पांच छोटी बातें याद रखें। पहली, जीवनसाथी या बिजनेस पार्टनर के साथ आज बैठकर बात करने से रुका हुआ काम आगे बढ़ेगा। दूसरी, किसी भी नए करार या कॉन्ट्रैक्ट पर दस्तखत से पहले पूरा कागज पढ़ें। तीसरी, घर के किसी मामले में बेवजह शक करने से बचें और माता जी से भी बात साझा करें। चौथी, बच्चों, प्रेम और रचनात्मक काम में दिन अच्छा है, लेकिन सट्टे या शेयर मार्केट में जल्दबाजी न करें। पांचवीं, शुक्रवार को सजावट, उपहार या बाहर खाने पर खर्च बढ़ सकता है, इसलिए बजट तय रखें। गले और नींद का ध्यान रखें। सरस्वती आवाहन के दिन पढ़ाई, लेखन या किसी कला के लिए थोड़ा समय निकालना आपके लिए शुभ रहेगा। रिश्तों में संवाद सबसे बड़ी पूंजी है, इसे आज संभालकर रखें।
कर्क राशिफल: कर्ज और उधार के मामलों में सावधानी रखें। कर्क राशि वालों ने आज सेहत और दिनचर्या संभाली, तो दिनभर ऊर्जा बनी रहेगी। नहीं संभाली तो थकान और पेट की परेशानी हावी हो सकती है। दफ्तर में काम को टालने की जगह समय पर निपटाया तो बॉस की नजर में अच्छी छवि बनेगी। थोड़ी सतर्कता भी जरूरी है, वर्ना सहकर्मी की गलती भी आपके सिर आ सकती है। पुराने कर्ज या ईएमआई की किस्त चुका सकते हैं। किसी को उधार आज न दें। धन की वापसी में देर लगेगी। आपके लग्न में मंगलदेव और गुरुदेव की शुभता से आत्मविश्वास बना रहेगा, इसलिए नए काम में हिचक न करें। मां कात्यायनी की पूजा करें। संघर्षों और प्रतिस्पर्धा में आपको आज मजा आएगा। चुनौतियां आज आपको परेशान नहीं करेंगी, बल्कि आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेंगी।
सिंह राशिफल: खुशी मिलेगी, धन और वाणी पर संयम रखें। सिंह राशि वालों के सामने आज दो विकल्प हैं। पहला, बच्चों, प्रेम और अपने शौक में खुलकर समय बिताना। इसमें मन को सुकून और खुशी मिलेगी, पढ़ाई या रचनात्मक काम में नई प्रेरणा मिलेगी। दूसरा विकल्प, पैसों की चिंता और पुरानी बातों में उलझे रहना, जिससे बोलचाल में तल्खी आएगी और परिवार में बात बिगड़ेगी। सलाह यह है कि पहला रास्ता चुनें, लेकिन खर्च की सीमा तय रखें। उपहार या दिखावे पर खर्च करने के मामले में हाथ खुला रह सकता है। प्रेम में किसी की बात पर बेवजह का शक न पालें। सट्टे, शेयर मार्केट या किसी जल्दी पैसे वाली स्कीम से दूर रहें। विद्यार्थियों के लिए सरस्वती आवाहन के दिन कोई नया विषय शुरू करना शुभ है। सेहत में आंखों और सिर का ध्यान रखें।
कन्या राशिफल: सुकून भरा समय मिलेगा। कन्या राशि वालों के लिए आज घर का माहौल पक्ष में रहेगा। माता जी या घर के बड़ों के साथ बैठकर बात करने से मन का बोझ हल्का होगा। पिछले दिनों की बेचैनी कम महसूस होगी। घर की सजावट, सफाई या मरम्मत का कोई काम शुरू हो सकता है। जमीन, मकान या वाहन खरीदने जैसे बड़े सौदे में जल्दबाजी न करें, कागज जरूर जांच लें। व्यक्तित्व में आत्मविश्वास बना रहेगा और वाणी में वजन रहेगा। हालांकि, तीखी बात बोलने से बचें। धन और परिवार के मामलों में किसी को जुबानी जमा-खर्च में उधार न दें। वाहन चलाते समय गति पर नियंत्रण रखें। नवरात्रि के छठे दिन मां कात्यायनी का स्मरण करें। शाम घर लौटकर परिवार के साथ सिर्फ बातें करें, मन को संतुष्टि मिलेगी।
तुला राशिफल: भाई-बहन से बातचीत में रखें नरमी। तुला राशि वालों के लिए आज व्यक्तित्व निखारने का दिन है। चेहरे पर मुस्कानी, दो मीठे बोल और आत्मविश्वास आपको बातचीत में आगे रखेंगे। सुबह सलीके से तैयार होकर निकलें, लोगों से मिलते समय खुलकर बात करें। भाई-बहन या पड़ोसी के साथ बातचीत में थोड़ी नरमी रखें। तीखी बात न कहें, और कोई मैसेज भेजने से पहले एक बार पढ़ लें। दोपहर में किसी छोटी यात्रा या मीटिंग का मौका मिले तो हां कहें। शाम को सजने-संवरने के सामान या खरीदारी पर खर्च बजट में रखें। निजी रिश्तों में बड़े फैसले, उधार और जल्दी पैसे वाली स्कीम से बचें। सरस्वती आवाहन पर किताबों की पूजा करें। यदि आप कला और संगीत की किसी विधा से जुड़े हैं, तो मां सरस्वती की पूजा जरूर करें।
वृश्चिक राशिफल: परिवार में मीठी वाणी से बात बनेगी। वृश्चिक राशि वाले आज परिवार में मीठी वाणी बोलेंगे, तो रुकी बात बन जाएगी। कड़वी बोली से आपका पुराना विवाद फिर उभर सकता है। पैसों का लेन-देन लिखकर किया, तो बाद में गलतफहमी नहीं होगी। खाने-पीने में संयम रखें। पेट और आंखों की परेशानी हो तो डॉक्टर से संपर्क करें। ज्यादा तला या मीठा खाने से परेशानी हो सकती है। मित्रों और बड़े भाई-बहन से जुड़े रहे तो लाभ का कोई रास्ता खुलेगा। अकेले बैठकर चिंता की तो मन भारी रहेगा। भाग्य का साथ बना हुआ है। गुरु या बड़ों के आशीर्वाद से काम आगे बढ़ेंगे। शेयर मार्केट में नुकसान हो सकता है। रात को खर्च का हिसाब-किताब करने से नींद अच्छी आएगी। मां कात्यायनी को प्रणाम करें और बैंक या कागज के काम के लिए बाहर जाना पड़े तो दस्तावेज साथ रखें।
धनु राशिफल: भावनात्मक भारीपन अब दूर हो रहा है। धनु राशि वालों के लिए आज का मंत्र है- सत्यं ब्रूयात् प्रियं ब्रूयात्। यानी सच बोलिए, लेकिन सलीका ऐसा हो कि वह प्रिय लगे। सच बोलते समय दूसरों को ठेस न पहुंचे, इसका ध्यान रखें, खासकर परिवार और बॉस के सामने। पिछले दिनों का भावनात्मक भारीपन अब दूर हो रहा है। मन हल्का और आशा से भरा रहेगा। आपके व्यक्तित्व में आत्मविश्वास दिखेगा और लोग आपकी बात ध्यान से सुनेंगे। बीमा, पॉलिसी, टैक्स या ससुराल से जुड़ा कोई कागज आज सामने आ सकता है, उसे जल्दबाजी में न निपटाएं। मित्रों से लाभ की उम्मीद है। सरस्वती आवाहन के दिन पढ़ाई, शोध या लेखन के लिए समय निकालें।
मकर राशिफल: बेकार की चिंता न पालें। मकर राशि वाले आज नींद पूरी लें, क्योंकि देर रात तक जागने से अगले दिन सुबह का काम बिगड़ेगा। खर्च पर लगाम रखें, अचानक यात्रा, अस्पताल या कोर्ट-कचहरी का खर्च आ सकता है, इसलिए हाथ में थोड़ी नकदी रखें। बाहर रहने वाले किसी व्यक्ति, विदेश या दूर के क्लाइंट से जुड़कर काम आगे बढ़ेगा। इसलिए उनके मैसेज का जवाब तुरंत दें। अकेले बैठकर बेकार की चिंता न पालें, कोई छोटा काम पकड़ लें या किसी से बात करें। करियर में बातचीत से काम बनेगा। साझेदार या जीवनसाथी पर बेवजह शक न करें, और भाई-बहन के साथ मिलकर कोई छोटी योजना बना सकते हैं।
कुंभ राशिफल: दोस्तों और बड़े भाई-बहन से लाभ मिलेगा। कुंभ राशि वालों के लिए आज लाभ का दिन है। दोस्तों, बड़े भाई-बहन और सामाजिक मेलजोल से कोई अटका हुआ पैसा, मदद या अच्छा प्रस्ताव मिल सकता है। आज आपकी इच्छा पूरी होने के संकेत हैं। नेटवर्किंग के लिए किसी कार्यक्रम या ऑनलाइन बातचीत में हिस्सा लें। गुप्त कार्यों और कागजी कार्रवाई के मामले में आज आप दबाव महसूस कर सकते हैं। दस्तावेज संभालकर रखें और जल्दबाजी में दस्तखत न करें। परिवार में वाणी मीठी रखें। उधार लेने से बचें और जुए-सट्टे में पैसा न लगाएं। यदि आपने किसी को कर्ज दिया है, तो उससे पैसे मांगें, वापस मिलने के योग हैं। मां सरस्वती का आवाहन करें और किसी जरूरतमंद विद्यार्थी की मदद करें।
मीन राशिफल: करियर के मामले में अच्छा रहेगा दिन। मीन राशि वालों के लिए आज करियर के मामले में सावधानी रखें। दफ्तर या कारोबार में पूरे आत्मविश्वास से अपनी बात रखें। आप जो मेहनत कर रहे हैं, वो बॉस या आपके अधिकारी देख रहे हैं। लिहाजा, काम ऐसा करें, जिससे लंबे समय तक उनकी नजरों में आपकी छवि बनी रहे। सरकारी विभाग से जुड़ा काम आज आगे बढ़ सकता है। घमंड न करें और सहकर्मियों को साथ लेकर चलें। बच्चों और पढ़ाई से जुड़ी अच्छी खबर मिल सकती है और रचनात्मक काम में सफलता मिलने के योग हैं। शनिदेव आपके लग्न पर वक्री हैं, इसलिए धैर्य रखें और जल्दबाजी में फैसले न लें। थकान हो सकती है, नशा न करें और रात को जल्दी सोएं।
