शिमला: मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने आज डॉ. राधाकृष्णन राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय, हमीरपुर के नए अकादमिक ब्लॉक का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार स्वास्थ्य क्षेत्र में व्यापक सुधार सुनिश्चित कर रही है और पिछले 40 वर्षों के दौरान स्वास्थ्य सुविधाओं के क्षेत्र में वर्तमान सरकार के कार्यकाल में सबसे अधिक सुधार हो रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार परंपरागत तरीके से काम करने के बजाय आधुनिक तकनीक और बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार पर विशेष ध्यान दे रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य हिमाचल प्रदेश को स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में अग्रणी बनाना है, ताकि आने वाले दस वर्षों में देश के अन्य क्षेत्रों से भी लोग उपचार के लिए हिमाचल प्रदेश आएं। इसी उद्देश्य से प्रदेश के सभी चिकित्सा महाविद्यालयों में एमआरआई, 3 टेस्ला एमआरआई सहित अन्य अत्याधुनिक चिकित्सा उपकरण स्थापित किए जा रहे हैं, ताकि लोगों को अपने घर के नजदीक बेहतर उपचार सुविधाएं उपलब्ध हो सकें। उन्होंने कहा कि प्रदेश के चार चिकित्सा महाविद्यालयों में रोबोटिक सर्जरी की सुविधा शुरू की गई है, जबकि उत्तर भारत के किसी भी अस्पताल में यह सुविधा उपलब्ध नहीं है। इसके अतिरिक्त, प्रत्येक चिकित्सा महाविद्यालय में लगभग 30 करोड़ रुपये की लागत से ऑटोमेटेड लैब स्थापित की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार अपने संसाधनों से अस्पतालों में आधुनिक चिकित्सा तकनीक उपलब्ध करवाने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है।