जालौनः उरई शहर के कोंच बस स्टैंड क्षेत्र में ट्रैक्टर रिपेयरिंग और पेंट की दुकान में अज्ञात कारणों से भीषण आग लग गई। आग की लपटें उठती देख आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घटना में दुकान में रखा पेंट, मशीनें, जनरेटर, मोटरें और वाहनों से संबंधित अन्य सामान जलकर खराब हो गया। सूचना मिलने पर दमकलकर्मी मौके पर पहुंचे और आग पर काबू पाने के प्रयास में जुट गए।
View this post on Instagram
जानकारी के अनुसार, उरई कोतवाली क्षेत्र के कोंच बस स्टैंड पर स्थित दुकान में ट्रैक्टरों की मरम्मत और वाहनों में पेंट करने का काम किया जाता था। दुकानदार लायक अली के मुताबिक, वह घटना से करीब 20 से 25 मिनट पहले दुकान से निकले थे। इसी दौरान उन्हें फोन पर दुकान में आग लगने की सूचना मिली। वह मौके पर पहुंचे तो दुकान में रखा काफी सामान आग की चपेट में आ चुका था।
लायक अली ने बताया कि दुकान में पेंट के भरे डिब्बे, जनरेटर, मोटरें, मशीनें, वाहनों के पार्ट्स और फाइबर से संबंधित सामान रखा था, जो आग में जलकर खराब हो गया। उन्होंने बताया कि आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं है। दुकान में काम जनरेटर के माध्यम से किया जाता था और बिजली कनेक्शन का इस्तेमाल नहीं होता था। दुकानदार के अनुसार, घटना में करीब एक से डेढ़ लाख रुपए तक का नुकसान होने का अनुमान है। दुकान में आग लगने की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों ने दमकल विभाग को सूचना दी। इसके बाद दमकलकर्मी मौके पर पहुंचे और आग बुझाने में जुट गए। फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारणों की पुष्टि नहीं हुई है। नुकसान का सही आकलन भी जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।