कुलगामः जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले में बुधवार दोपहर आतंकियों ने सीआरपीएफ की पेट्रोलिंग पार्टी पर हमला किया। बाइक पर सवार होकर आए अज्ञात हमलावरों ने वहां तैनात जवानों पर फायरिंग की। सीआरपीएफ के मुताबिक, घटना दोपहर करीब 2:15 बजे हुई। हमलावरों ने जवानों पर गोलियां चलाईं और फिर मौके से फरार हो गए। इस हमले में सीआरपीएफ के दो जवान घायल हुए हैं। दोनों को इलाज के लिए अनंतनाग जिले के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
हमले के बाद सीआरपीएफ जवानों ने जवाबी कार्रवाई की। सूचना मिलते ही क्विक रिएक्शन टीमें (QRT) मौके पर पहुंच गईं। सुरक्षाबलों ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी है और हमलावरों की तलाश में सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है। इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। सुरक्षाबल हमलावरों की पहचान करने और उन्हें पकड़ने की कोशिश कर रहे हैं। फिलहाल तलाशी अभियान जारी है।
