फाजिल्काः फाजिल्का में खुशियों भरा शादी का माहौल उस समय मातम में बदल गया, जब बारात लेकर लौट रही एक गाड़ी भीषण सड़क हादसे का शिकार हो गई। इस दर्दनाक हादसे में तीन बच्चों समेत पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि आठ लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
जानकारी के मुताबिक जलालाबाद के पास स्थित गांव वड्डा टिवाना से बारात फाजिल्का के गांव करनी खेड़ा आई थी। शादी समारोह के बाद बाराती टवेरा गाड़ी में सवार होकर वापस अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रही एक तेज रफ्तार पिकअप गाड़ी से उनकी सीधी भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि गाड़ी के परखच्चे उड़ गए।
हादसे की सूचना मिलते ही घायलों को तुरंत फाजिल्का के सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया। घटना की जानकारी मिलने पर विधायक नरिंदर पाल सिंह सवना भी अस्पताल पहुंचे और घायलों का हाल जाना। डॉक्टरों की टीम के मुताबिक अस्पताल पहुंचने से पहले ही 5 लोगों की मौत हो चुकी थी, जिनमें एक महिला, एक पुरुष और तीन छोटे बच्चे शामिल हैं। वहीं 6 पुरुष और 2 महिलाओं समेत कुल 8 घायलों का अस्पताल में इलाज जारी है।
विधायक ने कहा कि बारात करनी खेड़ा से वापस जा रही थी। इस दौरान टवेरा और पिकअप की टक्कर हुई है, जिसमें 5 लोगों की मौत हुई है जबकि 8 घायल सुरक्षित हैं और उनका इलाज चल रहा है। मामले की जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और घायलों की जान बचाने के लिए डॉक्टरों की पूरी टीम जुटी हुई है।
