ठाणे। महाराष्ट्र के ठाणे शहर में सोमवार सुबह छठ पूजा के दौरान झील में डूबने से 20 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। क्षेत्रीय आपदा प्रबंधन प्रकोष्ठ के प्रमुख यासीन तडवी ने बताया कि यह घटना कलवा रेलवे स्टेशन के पास मफतलाल कंपाउंड के अंदर स्थित एक झील में हुई। उन्होंने बताया कि आपातकालीन नियंत्रण कक्ष को सुबह साढ़े छह बजे इस घटना की सूचना मिली। अधिकारी के अनुसार, मृतक की पहचान प्रदीप गुलाब विश्वकर्मा के रूप में हुई है। वह भास्कर नगर की एक चॉल में रहता था।
वह छठ पूजा के लिए झील में उतरा था, लेकिन संभवतः पानी की गहराई का अंदाजा नहीं लगा सका और डूब गया। सूचना मिलने के बाद पुलिस, दमकल विभाग और आपदा प्रबंधन बल के कर्मी मौके पर पहुंचे। बचावकर्मियों ने युवक का पता लगाने के लिए पानी के भीतर इस्तेमाल होने वाला टेलीस्कोपिक कैमरा तैनात किया। तडवी ने बताया कि सुबह सवा 7 बजे तक शव बरामद कर लिया गया। इसके बाद उसे पोस्टमार्टम और अन्य कानूनी औपचारिकताओं के लिए कलवा के छत्रपति शिवाजी महाराज अस्पताल ले जाया गया।
