फाजिल्काः पुलिस ने अपराध और अवैध हथियारों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग मामलों में एक महिला सहित 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जिसमें पहली घटना सलेम शाह फाटक गोलीबारी और हत्या के मामले को ट्रेस करते हुए एक महिला समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। वहीं दूसरी घटना में जलालाबाद पुलिस ने एक महिला और पुरुष को दो अवैध पिस्तौलों सहित गिरफ्तार किया है। फाजिल्का की नई आबादी के नजदीक सलेम शाह फाटक पर 11 नवंबर को हुई गोलीबारी की घटना को पुलिस ने ट्रेस कर लिया है। इस वारदात में जतिंदर सिंह उर्फ जगी निवासी पीर गोराया मोहल्ला फाजिल्का को गोलियां मारी गई थीं। घायल अवस्था में उन्हें सिविल अस्पताल फाजिल्का में भर्ती करवाया गया, जहां से उन्हें एम्स अस्पताल बठिंडा रेफर किया गया। इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
एसएसपी फाजिल्का के निर्देशों पर डीएसपी बलविंदर सिंह की अगुवाई में पुलिस टीमों का गठन किया गया। ह्यूमन इंटेलिजेंस और तकनीकी सहायता के आधार पर पुलिस ने इस मामले में एक महिला समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान कुलवंत सिंह निवासी कबूल शाह खुब्बण, आकाशदीप सिंह और संतोष रानी निवासी कुप्पांवाली गली, फाजिल्का के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों से एक .32 बोर पिस्तौल, तीन जिंदा कारतूस, वारदात में इस्तेमाल की गई सीडी डीलक्स मोटरसाइकिल और एक बुलेट मोटरसाइकिल बरामद की है। इस मामले में आगे की जांच जारी है।
वहीं दूसरी कार्रवाई में थाना सदर जलालाबाद पुलिस ने गांव कालू वाला से काहने वाला रोड पर चेकिंग के दौरान मोटरसाइकिल सवार एक महिला और पुरुष को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, संदिग्धों को रोककर तलाशी लेने पर उनके कब्जे से दो .30 बोर पिस्तौल बरामद हुए। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गुरजंट सिंह उर्फ जंटा, उम्र 35 वर्ष और परमजीत कौर, उम्र 38 वर्ष, निवासी संतोष सिंह वाला के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है और अब इनके हथियारों के नेटवर्क की जांच की जा रही है। फाजिल्का पुलिस का कहना है कि अपराध और अवैध हथियारों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
