जालंधरः सूर्य उपासना का चार दिवसीय छठ महापर्व सोमवार को उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ श्रद्धा एवं उत्साह के साथ संपन्न हो गया। इस अवसर पर पूर्वांचल के श्रद्धालुओं ने पश्चिमी यमुना नहर के विभिन्न घाटों पर पहुंचकर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। व्रती महिलाओं ने संतान की दीर्घायु, परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली के लिए छठी मैया से मंगल कामना की।
कड़ाके की ठंड की परवाह किए बिना सोमवार अलसुबह ही जालंधर के घाटों में श्रद्धालु पहुंचने शुरू हो गए थे। इस दौरान शहर के अजीत नगर में बने घाट में प्रवासियों ने छठी मैया की पूजा कर सूर्य भगवान को अर्घ्य दिया।
अजीत नगर में छठ पर्व को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिला। यहां भजनों के माध्यम से छठी मैया की महिमा का गुणगान किया जा रहा था। युवाओं ने आतिशबाजी कर पर्व की खुशियां मनाईं। घाटों पर श्रद्धालुओं की भीड़ रही और हर तरफ छठी मैया के जयकारे गूंजते रहे।
वहीं दूसरी तरफ पश्चिमी यमुना नहर के दड़वा, दादुपुर, फतेहपुर, अमादलपुर और बूडिया सहित विभिन्न घाटों पर श्रद्धालुओं का पहुंचना शुरू हो गया था।
श्रद्धालुओं की सुरक्षा के मद्देनजर प्रशासन द्वारा घाटों पर पुख्ता इंतजाम किए गए थे। दमकल की गाड़ी और एंबुलेंस तैनात की गई थीं, जबकि पुलिस जवान सुरक्षा व्यवस्था संभालने के लिए मुस्तैद रहे।
इस दौरान श्रद्धालुओं ने उगते सूर्य को अर्घ्य दिया तथा अपने घर परिवार व बच्चों की मंगल कामना की। सूर्यदेव को जल अर्पित करने के पश्चात श्रद्धालु अपने-अपने घरों को लौट गए। इसी के साथ ही सरस्वती तट पर चल रहा छठ महोत्सव संपन्न हो गया। इस बार छठ महोत्सव पर सरस्वती तीर्थ पर भारी भीड़ रही। तीर्थ स्थल होने के कारण कैथल ढांढ भागल चिका गृहला इस्माईलाबाद सहित अनेक स्थानों से भी श्रद्धालु पिहोवा तीर्थ पर पहुंचे थे।
