फिरोजपुरः पंजाब के मानसा जिले के एक परिवार के लिए इस बार की दीपावली जिंदगी की सबसे यादगार खुशियां लेकर आई। महज 200 रुपए की लॉटरी टिकट ने परिवार को डेढ़ करोड़ रुपए का मालिक बना दिया। किस्मत का कमाल देखिए कि जिस दिन लॉटरी का पहला इनाम निकला, उसी दिन परिवार में बेटी ने भी जन्म लिया। इस तरह परिवार को एक ही दिन में दो-दो बड़ी खुशियां मिल गईं।
यह मामला बुढलाडा के नजदीक स्थित सैदेवाला गांव का है। भीखी रोड पर धन्ना लॉटरी स्टॉल चलाने वाले धन्ना सिंह ने परिवार की इस बड़ी जीत की पुष्टि की है। उनके मुताबिक परिवार ने हरमन कौर के नाम पर 200 रुपए की मंथली लॉटरी टिकट खरीदी थी। इसी टिकट पर डेढ़ करोड़ रुपए का पहला पुरस्कार निकला है।
धन्ना सिंह ने बताया कि शनिवार को एक व्यक्ति उनके स्टॉल पर आया था और उसने हरमन कौर के नाम से लॉटरी का टिकट खरीदा था। लॉटरी का परिणाम घोषित होने के बाद पता चला कि इसी टिकट ने डेढ़ करोड़ रुपए का पहला इनाम जीता है। इसकी जानकारी मिलते ही परिवार में जश्न का माहौल बन गया।
परिवार के लिए यह संयोग भी बेहद खास रहा कि जिस दिन डेढ़ करोड़ रुपये की लॉटरी निकली, उसी दिन घर में नन्ही बेटी ने जन्म लिया। एक तरफ करोड़पति बनने की खुशी थी तो दूसरी तरफ घर में नई मेहमान के आने की। हालांकि, नवजात बच्ची की तबीयत ठीक नहीं होने के कारण परिजन उसे मेडिकल जांच के लिए लेकर गए हैं। फिलहाल परिवार की प्राथमिकता बच्ची का स्वास्थ्य है।
धन्ना सिंह ने बताया कि परिवार के वापस लौटने पर उन्हें लॉटरी स्टॉल पर बुलाकर सम्मानित किया जाएगा। महज 200 रुपए के टिकट से डेढ़ करोड़ रुपये का इनाम जीतने और उसी दिन बेटी के जन्म की खुशखबरी मिलने से इस परिवार की दीपावली यादगार बन गई।
