लखनऊः राजधानी लखनऊ में चोरों के हौसले लगातार बुलंद होते नजर आ रहे हैं मामला इंदिरानगर के सेक्टर-18 स्थित बसंत मार्केट का है, जहां देर रात चोरों ने हनुमान मंदिर को निशाना बनाते हुए चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोर मंदिर का गेट तोड़कर अंदर घुसे और वहां रखा कलश चोरी कर फरार हो गए। वारदात के दौरान चोरों ने मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरे को भी तोड़ दिया, ताकि उनकी पहचान न हो सके।
घटना की जानकारी होने पर मंदिर परिसर और आसपास के दुकानदारों में हड़कंप मच गया। मंदिर की मुख्य पुजारिन ने बताया कि चोरी की वारदात देर रात हुई। चोर मंदिर का गेट तोड़कर अंदर दाखिल हुए और मंदिर में रखा कलश लेकर चले गए। उन्होंने घटना पर चिंता जताते हुए कहा कि जब भगवान का घर ही सुरक्षित नहीं है तो आम लोगों की सुरक्षा का अंदाजा लगाया जा सकता है।
वहीं, आसपास के दुकानदारों में भी चोरी की घटना को लेकर दहशत है। दुकानदारों का कहना है कि चोरों के हौसले इतने बुलंद हैं कि अब मंदिरों को भी निशाना बनाया जा रहा है। अगर पुलिस ने जल्द कार्रवाई नहीं की तो आने वाले दिनों में उनकी दुकानों पर भी चोरी की घटनाएं हो सकती हैं। दुकानदारों ने पुलिस प्रशासन से चोरों की जल्द पहचान कर उनकी गिरफ्तारी और चोरी गए कलश की बरामदगी की मांग की है।
हैरानी की बात यह है कि घटनास्थल से महज 400 मीटर की दूरी पर रिंग रोड पुलिस चौकी मौजूद है। इसके बावजूद चोर बेखौफ होकर वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए। अब सवाल उठ रहा है कि पुलिस चौकी के इतने करीब चोरी की घटना कैसे हो गई? फिलहाल मामला थाना गाजीपुर क्षेत्र का है। वहीं थाना प्रभारी गाजीपुर राजेश कुमार मौर्य का कहना है की तहरीर प्राप्त करने के बाद उचित कार्रवाई की जाएगी।
