फिरोजपुरः पंजाब में घने कोहरे का कहर शुरू हो गया है। वहीं कोहरे के कारण सड़क हादसे की घटनाएं भी सामने आने लगी है। ताजा मामला जीरा से सामने आया है। जहां घने कोहरे के कारण जीरा-कोट इसे खां रोड पर बस और ट्रैक्टर ट्रॉली में टक्कर हो गई। मिली जानकारी के अनुसार घटना लोंगीविंड गांव के पास हुई है। हादसा इतना भीषण है कि इस घटना में वाहन बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गए।
वहीं घटना में ड्राइवर और कंडक्टर समेत कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। घायलों को इलाज के लिए जीरा के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और मामले की जांच में जुट गई। पुलिस का कहना है कि वाहनों को कब्जे में आगे की कार्रवाई की जा रही है। वहीं हादसे में घायल लोगों का अस्पताल में उपचार करवाया जा रहा है।
