आगराः थाना एत्माद्दौला क्षेत्र में देर रात घर के बाहर खड़ी स्कॉर्पियो कार में एक युवक ने आग लगा दी। देखते ही देखते आग ने पूरी गाड़ी को अपनी चपेट में ले लिया। घटना के दौरान आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। कार भाजपा नेता की बताई जा रही है। वारदात का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें एक युवक कार में आग लगाते हुए दिखाई दे रहा है।
घटना फेस-2 स्थित पानी की टंकी के पास की बताई जा रही है। सोमवार देर रात अचानक स्कॉर्पियो से आग की लपटें उठने लगीं। आशंका है कि अज्ञात युवक ने किसी ज्वलनशील पदार्थ का इस्तेमाल कर कार में आग लगाई। आग इतनी तेजी से फैली कि पूरी गाड़ी उसकी चपेट में आ गई।घटना के बाद सामने आए सीसीटीवी फुटेज में एक युवक स्कॉर्पियो में आग लगाते हुए नजर आ रहा है।
सूचना मिलने पर थाना एत्माद्दौला पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस फुटेज के आधार पर युवक की पहचान करने में जुटी है। फिलहाल स्कॉर्पियो में आग लगाने के पीछे की वजह सामने नहीं आई है। पुलिस आरोपी की तलाश के साथ ही घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। कार भाजपा नेता की होने के कारण घटना को लेकर इलाके में चर्चा है।
