होशियारपुर: मुकेरियां हलके के कस्बा हाजीपुर की पुलिस ने खुद को माइनिंग विभाग का अधिकारी बताकर टिप्परों और ट्रैक्टर-ट्रॉलियों से कथित तौर पर गैर-कानूनी वसूली करने के आरोप में 2 व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। आरोपियों की पहचान रविंद्र सिंह और हरप्रीत सिंह निवासी चौंहा के रूप में हुई है।
टिपर यूनियन ऑनर्स हाजीपुर और मुकेरियां के प्रधान बलराज सिंह ने बताया कि 26 तारीख की रात को ब्रेजा कार में सवार दोनों व्यक्ति कभी पेपर मिल मुकेरियां, कभी तलवाड़ा-मुकेरियां रोड और कभी हाजीपुर-दसूहा रोड पर नाका लगाकर माइनिंग सामग्री ले जा रहे टिप्परों और ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को रोकते थे। वे खुद को माइनिंग अधिकारी बताकर डराते-धमकाते और कथित तौर पर हर वाहन से 1,000 से 2,000 रुपये तक वसूलते थे। वसूली के लिए “चौंहान टैक्सी” के नाम पर कलेक्शन स्लिप भी काटी जाती थी।
उन्होंने बताया कि 29 तारीख को टिपर यूनियन ने एसडीओ माइनिंग मुकेरियान के पास लिखित शिकायत दी। इसके बाद एसडीओ माइनिंग हरजिंदर पाल सिंह, जेई नीतीश और हरदीप सिंह की टीम ने पीड़ित टिपर चालकों की मदद से देर रात दोनों को ब्रेजा गाड़ी समेत काबू कर हाजीपुर पुलिस के हवाले कर दिया। हाजीपुर पुलिस ने 30 जुलाई को दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया। थाना प्रमुख हरप्रेम सिंह ने बताया कि आरोपियों को रिमांड पर लिया गया है और पूछताछ जारी है। जांच के दौरान जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर अगली कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने गैर-कानूनी वसूली के लिए इस्तेमाल की गई ब्रेजा गाड़ी और “चौंहान टैक्सी” के नाम पर की गई ऑनलाइन भुगतान रसीदें भी अपने कब्जे में ले ली हैं।
