होशियारपुरः पंजाब में आए दिन गोलियां चलने की घटनाएं सामने आ रही है। बीते दिन गाड़ियों की टक्कर को लेकर हुए विवाद में लुधियाना में नौजवानों द्वारा गोलियां चला दी गई थी। इस घटना में शरद नामक नौजवान घायल हो गया, जिसका डीएमसी में उपचार चल रहा है। वहीं आज होशियारपुर के दशहरा ग्राउंड के पास उस समय दहशत का माहौल पैदा हो गया, जब पुरानी दुश्मनी के चलते कुछ नौजवानों ने एक युवक पर गोलियां चला दीं।
हालांकि घटना में युवक बाल-बाल बच गया। इस संबंध में जानकारी देते हुए मोहल्ला बहादुरपुर निवासी पीड़ित राहुल ने बताया कि कुछ समय पहले झगड़ा हो गया था। उस झगड़े में उसने बीच-बचाव कर अपने दोस्त का राजीनामा करा दिया था, लेकिन इस बात को लेकर दूसरा पक्ष उससे खुन्नस रखने लगा।
पीड़ित ने बताया कि जब वह दशहरा मैदान के पास मौजूद था तो उक्त रंजिश के चलते कुछ युवकों ने उसे जान से मारने की नियत से गोली मार दी और भाग गये, लेकिन सौभाग्य से वह बच गया। पीड़ित द्वारा घटना की सूचना पुलिस को दी गई। घटना की सूचना मिलते ही थाना सिटी के एसएचओ अनिल कुमार पुलिस पार्टी सहित मौके पर पहुंचे और घटना का जायजा लिया। पुलिस के मुताबिक मामले की जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

