फरीदकोटः शराब तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए सीआईए स्टाफ ने शराब से भरा ट्रक काबू किया। पुलिस ने 752 पेटी विभिन्न ब्रांड की अंग्रेजी शराब और महंगी बीयर से भरा ट्रक पकड़ा है। पुलिस ने ट्रक चालक को भी गिरफ्तार किया है, जिसकी पहचान राजस्थान के बीकानेर निवासी हरि कृष्ण के रूप में हुई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, शराब को गुजरात भेजा जा रहा था, जहां शराब की बिक्री पर प्रतिबंध है। इस संबंध में डीएसपी अवतार सिंह राजपाल ने बताया कि गत देर शाम सीआईए स्टाफ की टीम चहल रोड पर गश्त कर रही थी।
इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि शराब से भरा एक ट्रक अवैध रूप से इस क्षेत्र से गुजरने वाला है। सूचना के आधार पर पुलिस ने नाकाबंदी कर संदिग्ध ट्रक को रोक लिया। तलाशी लेने पर उसमें से विभिन्न ब्रांड की अंग्रेजी शराब और महंगी बीयर की कुल 752 पेटियां बरामद हुईं। पुलिस ने ट्रक चालक हरि कृष्ण को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। डीएसपी ने बताया कि ट्रक राजस्थान नंबर का है। गिरफ्तार चालक को रिमांड पर लेकर पूछताछ की जाएगी, ताकि पता लगाया जा सके कि शराब कहां से लोड की गई थी और इसकी सप्लाई कहां की जानी थी।
पुलिस ने अभी तक आधिकारिक तौर पर शराब की अंतिम डिलीवरी के स्थान की पुष्टि नहीं की है। हालांकि सूत्रों के अनुसार शराब गुजरात भेजी जा रही थी। तस्करों ने पुलिस और संबंधित एजेंसियों से बचने के लिए ट्रक को फूस से ढका हुआ था। इसके अलावा शराब की बोतलों पर लगे स्कैन कोड भी हटा दिए गए थे। उल्लेखनीय है कि शराब की प्रत्येक बोतल पर लगा स्कैन कोड संबंधित कंपनी और सप्लाई चेन से जुड़ी जानकारी उपलब्ध करवाता है। ऐसे में इन कोड को हटाने से शराब के स्रोत और सप्लाई से संबंधित जानकारी छिपाने की कोशिश की गई थी। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है।

