गाजियाबादः काजू कतली के बीच से ब्लेड निकलने का मामला सामने आया है। बुधवार को सोशल मीडिया पर इसका वीडियो वायरल हुआ है। आरोप है कि ब्लेड निकलने पर दुकान के मैनेजर ने सही जवाब नहीं दिया और कर्मचारियों ने ब्लेड समेत मिठाई का टुकड़ा गायब कर दिया। खाद्य विभाग ने जांच शुरू कर दी है। हालांकि एनकाउंटर न्यूज वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता। सोशल मीडिया पर दो वीडियो वायरल हुए हैं। एक में काजू कतली के एक टुकड़े में आधा ब्लेड दिख रहा है। दूसरे वीडियो में ग्राहक दुकान के मैनेजर से बार-बार पूछ रहे हैं कि कर्मचारी ने ब्लेड क्यों गायब कर दिया।
मैनेजर जवाब नहीं देते और कहते हैं कि माफी मांग रहे हैं। शक्तिखंड-1 में रहने वाले वासु सचदेवा ने बताया कि ये वीडियो उन्होंने ही बनाए थे। उन्होंने घर के पास एक नामी कंपनी की दुकान से मिठाई के डिब्बे खरीदे थे, जिसमें से एक अपनी बहन के घर भिजवाया था। बहन के घर से यह डिब्बा उनके बुजुर्ग मौसा के घर चला गया है। मधुमेह पीड़ित होने के चलते वह मिठाई नहीं खाते। इसीलिए अपने यहां काम कर रहे कर्मचारियों को इसी डिब्बे से निकालकर उन्होंने मिठाई दी। टुकड़े निकालकर प्लेट में रखे तो एक टुकड़े में साइड से ब्लेड का कुछ हिस्सा दिखा। इसे उठाया तो देखा कि टुकड़े के अंदर आधा ब्लेड था।
यह इस तरह रखा हुआ था कि यदि कोई बच्चा डिब्बे से मिठाई का टुकड़ा उठाता तो उसकी नजर भी नहीं जाती और बड़ा हादसा हो सकता था।मौसा ने तुरंत वासु को फोन किया और वह डिब्बा लेकर दुकान पर पहुंचे। आरोप है कि पहले दुकान संचालक ने मानने से इनकार कर दिया। मगर बाद में मैनेजर ने माफी मांगी। इसी दौरान नजर हटते ही दुकान के कर्मचारी ने ब्लेड समेत वह मिठाई का टुकड़ा गायब कर दिया। इस पर उन्होंने मैनेजर से पूछा, लेकिन कैमरे के सामने उसने सही जवाब नहीं दिया। उन्होंने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद दुकान संचालक ने माफी मांगी। फिर वह घर लौट गए। जिला अभिहित अधिकारी सुरेश मिश्रा का कहना है कि मामले की सूचना नहीं मिली। सोशल मीडिया पर वीडियो संज्ञान में आया है। दुकान पर टीम भेजकर जांच कराई जाएगी।
