फगवाड़ाः शहर में आए दिन चोर वारदातों को अंजाम दे रहे है। वहीं देर रात चोरों ने गंडमा रोड स्थित प्रिया इलेक्ट्रॉनिक्स की दुकान को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के सामान और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। दुकान के मालिक अरुण कुमार चड्डा ने बताया कि चोर दुकान के ताले तोड़कर अंदर दाखिल हुए और करीब 6 एलईडी, प्रेस, जूसर मिक्सर सहित लगभग 60 हजार रुपए की नकदी चोरी कर फरार हो गए।
सुबह करीब 6 बजे उन्हें फोन पर दुकान के ताले टूटने की सूचना मिली। मौके पर पहुंचने पर चोरी का पता चला। दुकान मालिक के अनुसार इस वारदात में करीब 2 से ढाई लाख रुपए का नुकसान हुआ है। चोरी की पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। फुटेज में चोर सामान ले जाते दिखाई दे रहे हैं लेकिन चेहरे ढके होने के कारण उनकी पहचान नहीं हो सकी। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।
मामले की जानकारी देते हुए थाना सतनामपुरा के एएसआई मनजीत सिंह ने कहा कि देर रात प्रिया इलेक्ट्रॉनिक्स की दुकान में चोरी होने की सूचना मिली थी। ऐसे में सीसीटीवी कैमरों की फुटेज 3 चोरों द्वारा घटना को अंजाम दिया गया। चोरों ने मुंह ढके हुए थे। पीड़ित के बयानों पर मामला दर्ज करके आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। वहीं घटना के बाद इलाके के दुकानदारों और लोगों में दहशत है। लोगों ने पुलिस प्रशासन से रात की गश्त बढ़ाने और चोरों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की है।

