ओवरलोडिंग और सुरक्षा मानकों की अनदेखी करने वाले वाहन चालकों पर पुलिस की सख्ती
पंचकूला: स्कूली बच्चों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने और सुरक्षित स्कूल वाहन पॉलिसी की प्रभावी पालना करवाने के लिए पंचकूला पुलिस लगातार सख्त कदम उठा रही है। इसी कड़ी में आज ट्रैफिक पुलिस द्वारा शहरभर में स्कूली बसों और ऑटो रिक्शा की विशेष चेकिंग का अभियान चलाया गया। पुलिस कमिश्नर आईपीएस पंकज नैन के निर्देशानुसार चलाए गए इस अभियान के दौरान नियमों की अनदेखी और सुरक्षा मानकों में लापरवाही बरतने वाले कुल 27 वाहनों के चालान किए गए, जबकि 2 स्कूल बसों और 1 ऑटो रिक्शा को इंपाउंड किया गया।
डीसीपी अमरिंदर सिंह के अनुसार सिटी ट्रैफिक एसएचओ वरिंदर कुमार की अगुवाई में ट्रैफिक पुलिस की टीमों ने विभिन्न स्थानों पर स्कूली वाहनों की जांच की। इस दौरान विशेष रूप से ओवरलोडिंग, वाहनों में अग्निशमन यंत्र (फायर एक्सटिंग्विशर), फर्स्ट एड बॉक्स, स्पीड गवर्नर, वैध फिटनेस सर्टिफिकेट, आवश्यक दस्तावेजों तथा चालक-परिचालकों की निर्धारित वर्दी सहित अन्य सुरक्षा मानकों की जांच की गई। चेकिंग के दौरान नियमों का उल्लंघन करते पाए गए 27 वाहनों के चालान किए गए और गंभीर अनियमितताओं के चलते 2 स्कूल बसों व 1 ऑटो रिक्शा को इंपाउंड किया गया।
पुलिस कमिश्नर आईपीएस पंकज नैन ने कहा कि स्कूली बच्चों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और इस मामले में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने स्कूल प्रबंधन को निर्देश दिए कि वे अपने वाहनों की फिटनेस, सुरक्षा उपकरणों, आवश्यक दस्तावेजों और चालक-परिचालकों की पात्रता की नियमित जांच सुनिश्चित करें। वहीं, अभिभावकों से अपील की कि वे बच्चों को स्कूल भेजते समय वाहन की स्थिति, सुरक्षा व्यवस्था और उसमें बैठाए जा रहे बच्चों की संख्या पर विशेष ध्यान दें। यदि कोई वाहन ओवरलोडिंग करता है या सुरक्षा नियमों की अनदेखी करता है तो इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें।
पंचकूला पुलिस की अपील है कि बच्चों की सुरक्षा केवल पुलिस की नहीं, बल्कि स्कूल प्रबंधन, वाहन चालकों और अभिभावकों की भी सामूहिक जिम्मेदारी है। नियमों का पालन करें और बच्चों की सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने में सहयोग दें।

