आर्थिक सहायता निर्बाध रखने के लिए तीन प्रमाण पत्र अपलोड करने की व्यवस्था, हिम परिवार पोर्टल पर पूरी होगी प्रक्रिया
ऊना: सुशील पंडित, मुख्यमंत्री सहारा योजना के लाभार्थियों को हर छह माह बाद अपने जरूरी दस्तावेज हिम परिवार पोर्टल पर अपलोड करना अनिवार्य है। योजना के तहत आर्थिक सहायता निर्बाध रूप से जारी रखने के लिए यह प्रक्रिया निर्धारित की गई है।
जिला कल्याण अधिकारी आवास पंडित ने बताया कि इसके तहत तीन दस्तावेज अपलोड करना जरूरी है। इनमें राजपत्रित अधिकारी द्वारा सत्यापित जीवन प्रमाण पत्र, वैध बीपीएल अथवा आय प्रमाण पत्र और सक्षम चिकित्सा अधिकारी द्वारा जारी नियमित उपचार संबंधी चिकित्सा प्रमाण पत्र शामिल हैं।
उन्होंने बताया कि योजना के लिए नए पात्र लाभार्थी हिम परिवार पोर्टल या नजदीकी लोकमित्र केंद्र के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। वहीं, पहले से योजना का
लाभ प्राप्त कर रहे लाभार्थियों के लिए भी इसी पोर्टल पर दस्तावेज अपलोड करने की सुविधा उपलब्ध है।
जिला कल्याण अधिकारी ने सभी लाभार्थियों से निर्धारित समयावधि में अपने दस्तावेज अपलोड करने की अपील की, ताकि आर्थिक सहायता जारी रहने में किसी प्रकार की बाधा न आए। योजना संबंधी अधिक जानकारी के लिए नजदीकी तहसील कल्याण कार्यालय से संपर्क किया जा सकता है।

