लुधियानाः शहर के पॉश इलाके घुमारमंडी मोबाइल मार्केट में स्थित क्लासिक गिफ्ट शोरूम का शटर उखाड़कर चोर करीब 100 महंगे स्मार्टफोन उड़ा ले गए। हैरान करने वाली बात यह है कि चोर इतने शातिर थे कि उन्होंने दुकान में रखे मोबाइल के डिब्बे वहीं छोड़ दिए और सिर्फ फोन निकालकर अपने बैग में भर लिए। सुबह जब शोरूम के मालिक योगेश खोसला दुकान पर पहुंचे तो बीच से मुड़ा हुआ शटर देखकर उनके होश उड़ गए। उन्होंने तुरंत शटर पूरा खोला तो देखा कि अंदर मोबाइल के खाली डिब्बे बिखरे पड़े थे और सारा महंगा माल गायब था। घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।
मोबाइल मार्केट में शोरूम का शटर उखाड़ 100 स्मार्टफोन लेकर चो र फ रा र#MobileMarket #SmartphoneTheft #TheftNews #CrimeNews pic.twitter.com/08E3288ykz
— Encounter News (@encounternews2) August 18, 2026
सीसीटीवी फुटेज में साफ दिखाई दे रहा है कि रात के अंधेरे में 5 लोग पैदल ही शोरूम के बाहर आकर रुकते हैं। चोरों ने बड़ी चालाकी से एक सबल (लोहे की भारी रॉड) की मदद ली और शोरूम के शटर को बीच से उखाड़ दिया। शटर उखड़ने के बाद उन्होंने अपने एक साथी को अंदर धकेल दिया, जिसके बाद बाकी 4 लोग वहां से कहीं और खिसक गए ताकि किसी को शक न हो। अंदर घुसे उस अकेले चोर ने सिर्फ 20 मिनट के अंदर ही दुकान का आधा से ज्यादा माल समेट लिया। चोर ने सैमसंग, ओप्पो और वीवो जैसे ब्रांड्स के करीब 100 मोबाइल फोन डिब्बों से निकाले, फोन को अपने बैग में भरा और खाली डिब्बे दुकान में ही छोड़कर बड़े आराम से फरार हो गया।
वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना करने के बाद शोरूम के मालिक योगेश खोसला के बयानों के आधार पर FIR दर्ज कर ली है। जांच के लिए पुलिस ने शोरूम और आस-पास लगे CCTV कैमरों की फुटेज को अपने कब्जे में ले लिया है। पुलिस अब इस फुटेज के आधार पर उन 5 शातिर चोरों की पहचान करने और उन्हें पकड़ने के लिए इलाके में छापेमारी कर रही है।

