पठानकोटः जिले में दिनदहाड़े बिना नंबर का नया स्प्लेंडर मोटरसाइकिल चोरी हो गया। पीड़ित व्यक्ति ने यह बाइक दिवाली के त्योहार पर ही खरीदा था। बाइक का अभी नंबर भी नहीं आया था कि चोर उसे लेकर फरार हो गए। चोरी किया गया मोटरसाइकिल दो जगह लगे सीसीटीवी में कैद हुआ है। फुटेज में चोर 15 मिनट में बाइक ले जाता दिखाई दे रहा है। मीरथल में मेहनत-मजदूरी करने वाले पीड़ित रजनीश सिंह की शिकायत पर थाना नंगल भूर पुलिस ने अज्ञात चोर के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में रजनीश सिंह उर्फ लवली निवासी गांव मीरथल ने बताया कि वह मेहनत-मजदूरी का काम करता है। 15 नवंबर को शाम करीब 4 बजे वह अपना काले रंग का नया बिना नंबर का स्प्लेंडर मोटरसाइकिल गांव की ही पीर बाबा दरगाह के नजदीक खड़ा कर पैदल घर सामान लेने चला गया था। पीड़ित के अनुसार, जब वह महज 10 से 15 मिनट बाद वापस लौटा तो देखा कि वहां से उसका स्प्लेंडर मोटरसाइकिल गायब था, जिसे कोई अज्ञात व्यक्ति चोरी करके ले गया था।
घटना के कुछ देर बाद पास की ही दुकान पर लगे सीसीटीवी कैमरे में एक युवक चेहरे पर कपड़ा बांधकर वही मोटरसाइकिल ले जाता दिखाई दिया। कथित चोर दो जगह लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हुआ। रजनीश सिंह ने सीसीटीवी फुटेज पुलिस को सौंपकर चोर के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने और मोटरसाइकिल बरामद करवाने की मांग की है।
शिकायत मिलने के बाद थाना नंगल भूर पुलिस ने शिकायतकर्ता के बयान के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2) के तहत केस दर्ज कर आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। जानकारी के मुताबिक, मामले की जांच एएसआई कुलदीप सिंह कर रहे हैं।

