चंडीगढ़: अमरूद उत्कृष्टता केंद्र, भूना, जिला फतेहाबाद (हरियाणा) द्वारा वर्ष 2026-27 के दौरान ‘हरियाणा हॉर्टिकल्चर नर्सरी रूल्स-2026’ के तहत नर्सरी मैनेजमेंट पर तीन साप्ताहिक (5-5 दिवसीय) प्रशिक्षण कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। राज्य के सभी जिलों के इच्छुक किसान प्रशिक्षण शुरू होने से पहले उद्यान विभाग की आधिकारिक वेबसाइट (kaushal.hortharyana.gov.in) के माध्यम से इसके लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
एक सरकारी प्रवक्ता ने बताया कि इस प्रशिक्षण कार्यक्रम के लिए प्रार्थी की न्यूनतम आयु 18 वर्ष होनी आवश्यक है तथा अमरूद उत्कृष्टता केंद्र, भूना पर प्रत्येक बैच में सीटों की संख्या 20 निर्धारित की गई है। प्रशिक्षणार्थियों का चयन “पहले पंजीकरण कराओ, पहले प्रशिक्षण पाओ” के आधार पर किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि निर्धारित प्रशिक्षण कार्यक्रमों की सूचियों के अनुसार, पहला प्रशिक्षण 7 दिसंबर 2026 से 11 दिसंबर 2026 तक, दूसरा प्रशिक्षण 28 दिसंबर 2026 से 1 जनवरी 2027 तक और तीसरा प्रशिक्षण 4 जनवरी 2027 से 8 जनवरी 2027 तक आयोजित किया जाएगा। आवेदकों को प्रशिक्षण के दौरान पहले दिन प्रातः 09:00 बजे से 11:00 बजे तक अपने जरूरी दस्तावेज जैसे आधार कार्ड और परिवार पहचान पत्र की फोटो प्रति साथ लेकर पहुंचना अनिवार्य है, जिसके पश्चात प्रशिक्षु को अनुमति नहीं दी जाएगी।

