लुधियानाः हैबोवाल के चंद्र नगर स्थित मल्ली फार्मस में शादी समारोह के दौरान एक महिला का पर्स चोरी हो गया। पर्स में सोने का एक किटी सेट, चांदी के बिछुए, चांदी के दो कड़े, 15 हजार रुपए कैश और शगुन के पैसे रखे हुए थे। जानकारी मुताबिक जयमाला के बाद जब पूरा परिवार रात करीब 11:30 बजे फोटो खिंचवाने में व्यस्त था, इसी दौरान दो युवक स्टेज के आस-पास घूमते रहे। मौका मिलते ही एक युवक ने नीचे रखा पर्स उठाया और पैलेस से बाहर की ओर फरार हो गया। चोरी की पूरी घटना पैलेस में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई।
घुमार मंडी निवासी बुट्टा राम ने बताया कि उनकी बेटी अलका की शादी 14 सितंबर को चंद्र नगर स्थित मल्ल्ली फार्म्स में थी। रात को जयमाला की रस्म के बाद पूरा परिवार फोटो खिंचवा रहा था। इसी दौरान उनकी पत्नी नीतू ने हाथ में पकड़ा हुआ पर्स पास में नीचे रख दिया और परिवार के साथ फोटो खिंचवाने लगीं। फोटो खिंचवाने के बाद जब उन्होंने पर्स उठाने के लिए देखा तो वह वहां मौजूद नहीं था। पर्स नहीं मिलने पर परिवार ने शोर मचाया और तुरंत मैरिज पैलेस प्रबंधकों को घटना की जानकारी दी।
इसके बाद पैलेस के बाहर के गेट बंद करवाकर सीसीटीवी फुटेज खंगाली गई। फुटेज में दिखाई दिया कि दो युवक काफी देर से स्टेज के आसपास घूम रहे थे। मौका मिलते ही उनमें से एक युवक ने नीचे रखा पर्स उठाया और तुरंत अपने साथी को साथ लेकर गेट बंद होने से पहले वहां से निकल गया। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई। परिजनों की ओर से मामले की सूचना पुलिस को भी दी गई है।
जगतपुरी चौकी पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पर्स लेकर फरार हुए युवक की पहचान करने में जुटी है। बुट्टा राम ने बताया कि पर्स में करीब 15 हजार रुपए नकद, रिश्तेदारों व अन्य लोगों की ओर से दिए गए शगुन, करीब 3 लाख रुपए कीमत का सोने का किटी सेट तथा चांदी का सामान था। थाना हैबोवाल पुलिस ने शिकायत के आधार पर अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ धारा 305 BNS के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस शादी समारोह में मौजूद लोगों और आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर आरोपी की पहचान करने में जुटी है।