लुधियानाः दिल्ली-जालंधर नेशनल हाईवे पर ट्रांसपोर्ट नगर के पास देर रात दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। हाईवे पर गलत तरीके से पार्क किए गए ट्रक से एक कार टकरा गई। हादसे में कार चालक समेत 4 से 5 लोगों के घायल होने की सूचना है। घायलों में छोटे बच्चे भी शामिल हैं, जबकि एक महिला को गंभीर चोटें आई हैं।
जानकारी के अनुसार, हादसा ट्रांसपोर्ट नगर पुल के अप-रैंप पर हुआ। बताया जा रहा है कि हाईवे पर खड़े ट्रक से कार की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार में सवार लोगों को गंभीर चोटें आईं। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।
हादसे के तुरंत बाद आसपास मौजूद लोग मदद के लिए पहुंचे और घायलों को कार से निकालकर अस्पताल पहुंचाने का प्रयास शुरू किया। घटना की सूचना मिलने पर मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, हादसे के समय मौके पर पुलिस नहीं पहुंची थी। फिलहाल दुर्घटना के सही कारणों और घायलों की पहचान को लेकर विस्तृत जानकारी का इंतजार है।

