अमृतसरः थाना गेट हकीमा इलाके में देर रात एक गोलीबारी की घटना सामने आई है। इस घटना में कुत्ते को घुमाने निकले व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक की पहचान नरायण दास के रूप में हुई है, जो अपने घर के पास ही जनरल स्टोर चलाता था। परिवार वालों के मुताबिक, नरायण दास रोज की तरह रात में अपने कुत्ते को घुमाने के लिए बाहर निकले थे। इसी दौरान अचानक गोली चलने की आवाज़ आई और उन्होंने घर पर फोन करके कहा कि उन्हें गोली लगी है।
परिवार के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और उन्हें अस्पताल ले गए, जहां लगभग आधे घंटे बाद उनकी मौत हो गई। मृतक के भाई ने बताया कि नरायण दास का किसी से कोई बड़ा झगड़ा नहीं था। हालांकि पास की एक दुकान में इनवर्टर को लेकर हल्का विवाद चल रहा था, लेकिन किसी को अंदेशा नहीं था कि मामला इस हद तक पहुंच जाएगा।
उन्होंने आरोपी को कड़ी से कड़ी सजा देने की मांग की है। इस मामले की जानकारी देते हुए एसपी विशालजीत सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पता चला है कि नरायण दास ने एक दुकान के शटर पर लकड़ी से वार किया, जिसके बाद पड़ोसी रजनीश से कहासुनी हो गई। कहासुनी के दौरान रजनीश ने अपनी 12 बोर लाइसेंसी बंदूक से गोली चलाई, जो नरायण दास की टांग में लगी। नरायण दास के अधिक खून बहने के कारण उसकी मौत हो गई। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और वारदात में इस्तेमाल किया गया हथियार भी बरामद कर लिया गया है। मामले के संबंध में केस दर्ज कर अगली जांच जारी है।
