सोनीपतः जिले के राई क्षेत्र में परचून की दुकान पर सामान के पैसे को लेकर विवाद हो गया। इस घटना में दुकानदार की मौत हो गई। मृतक की पहचान राजेश के रूप में हुई है। परिजनों का आरोप है कि दुकान पर सामान लेने आए पिता-पुत्र ने राजेश के साथ मारपीट करते हुए उसे जमीन पर गिरा दिया और उसके प्राइवेट पार्ट पर लात मारी।इस दौरान राजेश की गर्दन पर वार किया, जिससे वह बेहोश होकर गिर गया। गंभीर हालत में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और मामले की जांच में जुट गई। पुलिस ने मृतक की पत्नी की शिकायत पर रामसेवक और उसके बेटे के खिलाफ हत्या सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में गांव जठेड़ी निवासी नीलम ने बताया कि 16 जून की शाम करीब साढ़े 7 बजे वह अपने पति राजेश के साथ परचून की दुकान पर मौजूद थीं। इसी दौरान रामसेवक और उसका बेटा दुकान पर सामान लेने पहुंचे थे। सामान लेने के बाद पैसों के लेन-देन को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। शिकायतकर्ता के अनुसार विवाद बढ़ने पर रामसेवक और उसके बेटे ने झगड़ा शुरू कर दिया। आरोप है कि दोनों ने मिलकर राजेश को नीचे गिरा लिया और उसके साथ बेरहमी से मारपीट की। शिकायत में कहा गया है कि आरोपियों ने राजेश के प्राइवेट पार्ट पर लात मारी और उसकी गर्दन पर भी वार किया। जिससे उसकी हालत गंभीर हो गई। घटना के बाद परिजन उसे तत्काल उपचार के लिए सोनीपत के फीम्स अस्पताल लेकर पहुंचे।
अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पत्नी नीलम ने पुलिस को शिकायत दी। शिकायत के आधार पर थाना राई में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने रामसेवक और उसके बेटे के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1) और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया है। मामले की जांच थाना राई में तैनात एसआई अशोक द्वारा की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शिकायत में लगाए गए आरोपों की गहनता से जांच की जा रही है। घटना से जुड़े सभी तथ्यों और साक्ष्यों को एकत्र किया जा रहा है और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई अमल में लाई। वहीं शव को कब्जे में लेकर सोनीपत के सिविल हॉस्पिटल से खानपुर भेजा गया है और खानपुर मेडिकल में पोस्टमॉर्टम करवाया जा रहा है। मामले में पुलिस पीआरओ रविन्द्र कुमार का कहना है कि पुलिस ने पत्नी की शिकायत पर मामला दर्ज किया है। मामले में जांच की जा रही है।
