अमृतसरः जिले के अंतर्गत आने वाले जंडियाला गुरु के देवीदासपुरा रेलवे ट्रैक पर किसानों द्वारा किए जा रहे प्रदर्शन का असर अब रेल यातायात पर साफ तौर पर देखने को मिल रहा है। किसानों के धरने के कारण कई ट्रेनें रद्द कर दी गई हैं, जबकि कई गाड़ियाँ घंटों की देरी से चल रही हैं। इसका सीधा असर अमृतसर रेलवे स्टेशन पर देखने को मिल रहा है, जहाँ यात्री अपनी ट्रेनों का इंतज़ार करते हुए काफी परेशान हो रहे हैं।
उत्तराखंड से आए यात्री गोस्वामी ने बताया कि वे दरबार साहिब से वापस जाने के लिए रेलवे स्टेशन पहुँचे थे, लेकिन उनकी ट्रेन 5 से 6 घंटे लेट चल रही है। पूछताछ करने पर उन्हें पता चला कि किसानों के धरने के कारण रेल सेवा प्रभावित है। उन्होंने कहा कि वे खुद एक किसान हैं और किसानों के साथ खड़े हैं, लेकिन सरकार को किसानों की माँगें पूरी करने के साथ-साथ आम यात्रियों की समस्याओं का भी ध्यान रखना चाहिए। इसी तरह, देवरिया जा रहे राम अचल पाठक ने कहा कि धरने की वजह से उन्हें यात्रा करने में काफी दिक्कत आ रही है और आम आदमी का भी भला होना चाहिए।
यात्री देव लाल ने बताया कि वे अपने पूरे परिवार सहित कुल 35 लोगों के साथ देवरिया जा रहे हैं। उनकी गाड़ी दोपहर ढाई बजे पहुँचनी थी, लेकिन अब जानकारी मिली है कि वह रात 12 बजे आएगी। वहीं, देवरिया जिले के निवासी कपिल मदेसिया ने कहा कि जो ट्रेन पाँच घंटे पहले आनी थी, वह अब भी देरी से चल रही है। उन्होंने बताया कि किसानों के प्रदर्शन को इस देरी का कारण बताया जा रहा है। उन्होंने सरकार से अपील की कि किसानों की माँगों पर गंभीरता से विचार किया जाए, क्योंकि वे खुद भी किसान परिवारों से जुड़े हुए हैं।