लुधियानाः माछीवाड़ा में स्कूल प्रिंसीपल को अनुशासन तोड़ने पर छात्र को डांट लगाना महंगा पड़ गया। दरअसल, इस मामले में नाराज छात्रा ने प्रिंसीपल को रास्ते में घेरकर उस हमला कर दिया और हमले का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, श्री शंकर दास सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्कूल में 11वीं कक्षा के नाबालिग लड़के को स्कूल के प्रिंसिपल ने इस बात पर डांटा कि उसने अपने शरीर पर कई तरह के टैटू बनवा रखे हैं, हेयरस्टाइल भी अनोखा रखा हुआ है और साथ ही क्लास इंचार्ज ने यह शिकायत लगाई कि यह छात्र स्कूल में अनुशासन भी भंग करता है।
प्रिंसिपल द्वारा जब इस छात्र को डांटा जा रहा था तो वह अपनी गलती मानने की बजाय अपने गुरु के साथ बहस करने लगा और दोनों के बीच तकरार बढ़ गई। इस घटना के बाद 11वीं कक्षा के छात्र ने प्रिंसिपल की डांट को मन में रखा और छुट्टी के बाद जब प्रिंसिपल अपने स्कूटर पर सवार होकर घर जाने लगा तो रास्ते में उस पर हमला कर दिया। हैरानी की बात तो यह है कि 11 वीं कक्षा के छात्र द्वारा प्रिंसिपल को पीटने की कोशिश भी की गई, लेकिन उन्होंने अपने ऊपर हुए अचानक हमले से बचाव किया। इस दौरान यह लड़का फरार हो गया, लेकिन साथ ही दूर खड़े एक अन्य छात्र ने प्रिंसिपल पर हुए हमले का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर गाना लगाकर वायरल कर दिया।
आज सुबह जब स्कूल जाकर पत्रकारों ने कैंपस मैनेजर से बातचीत की तो उन्होंने कहा कि यह बड़ी दुर्भाग्यपूर्ण घटना है, जिसके संबंध में उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है और साथ ही छात्र का नाम स्कूल से काट दिया गया है। उन्होंने कहा कि माता-पिता भी फर्ज समझते हुए अपने बच्चों को अनुशासन में रहना सिखाएं ताकि वे अपने गुरु का आदर करें। इस संबंध में थाना माछीवाड़ा प्रमुख चरणजीत सिंह ने कहा कि स्कूल के प्रिंसिपल द्वारा एक छात्र द्वारा उन पर हमला करने की शिकायत प्राप्त हुई है। उन्होंने कहा कि यह भी शिकायत मिली है कि हमले का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल किया गया है, जिसकी पुलिस द्वारा जांच की जा रही है कि वीडियो किसने वायरल किया। थाना प्रमुख ने कहा कि छात्रों के माता-पिता को थाने बुलाया गया है और कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

