गुरदासपुरः बटाला में स्कूल जा रहे बच्चों की वैन अमृतसर बाईपास पर हादसे का शिकार हो गई। तेज रफ्तार कार ने वैन को टक्कर मार दी, जिससे वह सड़क पर पलट गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। वैन में सवार तीन विद्यार्थी घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए नजदीकी अस्पतालों में पहुंचाया गया। टक्कर मारने के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया।
जानकारी के मुताबिक, वैन रोज की तरह बच्चों को स्कूल लेकर जा रही थी। इसी दौरान तेज रफ्तार कार ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वैन पलट गई। हादसे के बाद कार चालक वहां से भाग गया। हादसे के बाद कार की जांच करने पर उसमें गैस सिलेंडर मिला। इसके अलावा कार के जरूरी दस्तावेज भी मौके पर नहीं मिले।
कार चालक के फरार होने के कारण उसकी पहचान और हादसे से जुड़ी अन्य जानकारी सामने नहीं आई है। बच्चों के माता-पिता ने बताया कि उन्हें फोन पर वैन के हादसे की सूचना मिली थी। इसके बाद वे तुरंत मौके पर पहुंचे। मंजीत सिंह ने बताया कि उनकी बेटी संत पूरा स्कूल में नौवीं कक्षा में पढ़ती है और हादसे के समय वैन में सवार थी। उन्होंने कहा कि वैन रोज की तरह स्कूल जा रही थी और उसका ड्राइवर सही तरीके से गाड़ी चलाता है। मंजीत सिंह ने हादसे के लिए कार चालक को जिम्मेदार ठहराया।

