फिरोजपुरः जिले में सफाई सेवक यूनियन ने अपनी मांगों को लेकर मेन चौक में कचरा फैलाकर रोष प्रदर्शन किया। यूनियन के नेताओं और सफाई कर्मचारियों ने कच्चे कर्मियों को पक्का करने, बकाया वेतन और अन्य भत्तों की राशि जारी करने की मांग को लेकर प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शनों में शामिल कर्मियों का कहना है कि कई बार मांगें उठाने के बावजूद कोई ठोस समाधान नहीं निकला।
ऐसे में परेशान होकर उन्हें सड़कों पर उतरकर अपना रोष व्यक्त करना पड़ रहा है। इस दौरान शहर के विभिन्न इलाकों में कचरे के ढेर लगे रहे और कई दिनों से सफाई न होने के कारण जनता को बड़ी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। शहर में फैली गंदगी के कारण बदबू और बीमारियों के फैलने का खतरा भी बढ़ गया है। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द समस्या का समाधान निकाल कर शहर की सफाई सुनिश्चित की जाए। वहीं यूनियन के नेताओं ने चेतावनी दी है कि अगर मांगें नहीं मानी गईं तो संघर्ष और तेज किया जाएगा।
