फिरोजपुरः जिले के मुख्य बाजार मल्लवाल रोड पर दिनदहाड़े फायरिंग का मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार मल्लवाल रोड स्थित लिबाज नाम के शोरूम पर दो अज्ञात नकाबपोश मोटरसाइकिल सवारों ने फायरिंग की। बताया गया कि दो नकाबपोश मोटरसाइकिल सवार होकर आए और उन्होंने शोरूम के बाहर रुककर अचानक पिस्तौल निकाल ली। जिसके बाद नौजवानों ने शोरूम की ओर फायर करना शुरू कर दिया। गनीमत यह रही कि घटना में किसी को गोली नहीं लगी। गोलियां शोरूम की शीशों पर लगीं। इस घटना से भीड़-भाड़ वाले बाजार में अफरा-तफरी मच गई।
घटना को अंजाम देकर आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना लोगों द्वारा पुलिस को दी गई। घटना की सूचना मिलते ही एसपीडी मनजीत सिंह टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि उन्हें कपड़ों के शोरूम पर फायरिंग की सूचना मिली है। लोगों के अनुसार दो नकाबपोश मोटरसाइकिल सवार आए और गोलियां चला कर फरार हो गए। एसपीडी ने कहा कि मामले की जांच की जा रही है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं, जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
शोरूम संचालक सुखविंदर सिंह ने बताया कि उनकी किसी के साथ कोई रंजिश नहीं है और न ही उन्हें हमलावरों की पहचान के बारे में कोई जानकारी है। उनके अनुसार घटना अचानक हुई और आरोपी वारदात को अंजाम देकर कुछ ही सेकंड में फरार हो गए। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। प्रारंभिक तौर पर इसे दहशत फैलाने या किसी प्रकार की धमकी से जोड़कर भी देखा जा रहा है, हालांकि पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।
