फगवाड़ाः जिलेभर में कल से एसआईआर (स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन) अभियान शुरू कर दिया गया है। इस अभियान के तहत मतदाता सूची को अपडेट करने का कार्य किया जाएगा, ताकि सभी योग्य नागरिकों की सही जानकारी दर्ज की जा सके।
एसडीएम डॉ. नवजोत शर्मा ने दी जानकारी
इस संबंध में एसडीएम डॉ. नवजोत शर्मा ने मीडिया से बातचीत करते हुए बताया कि पूरे जिले में सभी बीएलओ (बूथ लेवल अधिकारी) की ड्यूटी लगा दी गई है। सभी अधिकारी अपने-अपने क्षेत्र में जाकर लोगों से संपर्क करेंगे।
घर-घर जाकर बांटे जाएंगे फॉर्म
उन्होंने बताया कि बीएलओ सबसे पहले घर-घर जाकर लोगों को निर्धारित फॉर्म वितरित करेंगे। इसके बाद लोग उन फॉर्मों को सही और पूरी जानकारी के साथ भरेंगे।
फॉर्म भरने के बाद बीएलओ दोबारा लोगों से संपर्क कर फॉर्म एकत्रित करेंगे और उसमें दी गई जानकारी का सत्यापन करेंगे। इसके आधार पर मतदाता सूची में आवश्यक संशोधन और अपडेट किए जाएंगे।
लोगों से सहयोग की अपील
एसडीएम डॉ. नवजोत शर्मा ने सभी नागरिकों से अपील की कि वे बीएलओ का पूरा सहयोग करें और फॉर्म में सही व पूरी जानकारी भरें, ताकि मतदाता सूची को पूरी सही तरीके से अपडेट किया जा सके।
